बिग बॉस 16: डॉक्टर का अपमान करने पर सलमान ने शालीन भनोट को सुनाई खरी-खोटी
क्या है खबर?
'बिग बॉस 16' के शुरू होने के बाद से यह शो चर्चा में बना हुआ है। होस्ट सलमान खान अपनी मौजूदगी से शो में चार चांद लगा रहे हैं।
अब उन्होंने शो के प्रतिभागी शालीन भनोट को तगड़ी फटकार लगाई है। दरअसल, शो के आगामी एपिसोड का एक प्रोमो सामने आया है, जिसमें वह शालीन की क्लास लेते हुए दिखे हैं।
डॉक्टर का अपमान करने पर सलमान उन पर भड़कते दिखे हैं।
प्रोमो
सलमान ने शालीन को कहा- आप खुद को डेढ़ समझ रहे हो
कलर्स टीवी ने इंस्टाग्राम पर शो का प्रोमो शेयर किया है, जिसमें सलमान शालीन पर नाराजगी जाहिर करते हुए दिखे।
प्रोमो में सलमान ने शालीन को कहा, "आप खुद को डेढ़ समझ रहे हो। मुझे लगता है कि ये बहुत शर्म की बात है। मैं आपसे पूछता हूं कि आप कहां तक पढ़े हो। पेशों के लिए आपके दिल में कोई इज्जत है या नहीं? आप कोई VIP नहीं हो।"
इस एपिसोड का प्रसारण शनिवार को होगा।
बयान
"मुझे शर्ट निकालने पर मजबूर ना करो"
सलमान की बात सुनने के बाद शालीन ने खुद को डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन सलमान ने उन्हें डांट कर चुप करा दिया।
इसके बाद सलमान ने शालीन को कहा, "मुझे शर्ट निकालने पर मजबूर ना करो।"
शो में सलमान का गुस्सा देखकर सभी लोग हैरान थे।
सलमान शालीन पर इसलिए गुस्सा हुए, क्योंकि उन्होंने एक डॉक्टर से शैक्षणिक योग्यता को लेकर बहस की थी। उन्हें डॉक्टर से उलझते हुए देखा गया था।
मेहमान
शुक्रवार के एपिसोड में पहुंचीं परिणीति चोपड़ा
आए दिन कई बॉलीवुड के कलाकार शो में मेहमान बनकर पहुंचते हैं।
शुक्रवार को प्रसारित हुए एपिसोड में अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा नजर आईं। वह अपनी फिल्म 'कोड नेम: तिरंगा' का प्रमोशन करने के लिए पहुंची थीं।
उनके साथ फिल्म के सह-कलाकार हार्डी संधू भी नजर आए। फिल्म के कलाकारों ने शो के प्रतिभागियों के साथ गेम खेला।
वहीं, परिणीति को अपनी आवाज का जादू बिखेरते हुए भी दिखाया गया।
जानकारी
जानिए कौन हैं शालीन भनोट
शालीन का जन्म 15 नवंबर, 1982 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई जबलपुर से ही की है। वह 'कुलवधु', 'सात फेरे' और 'नच बलिए' जैसे शोज में नजर आ चुके हैं।
पहला सीजन
2006 में शुरू हुआ था 'बिग बॉस' का शो
'बिग बॉस' का प्रसारण काफी समय से कलर्स चैनल पर हो रहा है। यह शो अमेरिकी टीवी रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' के प्रारूप का अनुसरण करता है।
'बिग बॉस' का पहला सीजन 2006 में आया था। सलमान 'बिग बॉस 4' से इस शो को होस्ट कर रहे हैं।
इस शो के पहले सीजन के होस्ट अभिनेता अरशद वारसी थे। दूसरा सीजन अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने होस्ट किया था। तीसरे सीजन के होस्ट अमिताभ बच्चन थे।