Page Loader
जन्मदिन विशेष: भूमि पेडनेकर की ये फिल्में हैं IMDb पर सबसे लोकप्रिय, जानिए कहां देखें
IMDb पर भूमि की इन फिल्मों को मिली है सबसे ज्यादा रेटिंग (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@bhumipednekar)

जन्मदिन विशेष: भूमि पेडनेकर की ये फिल्में हैं IMDb पर सबसे लोकप्रिय, जानिए कहां देखें

Jul 18, 2023
01:49 pm

क्या है खबर?

भूमि पेडनेकर उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जो अपने हर किरदार के साथ कुछ नया करती हैं। बतौर सहायक निर्देशक अपने करियर की शुरुआत करने वाली भूमि अभिनय जगत में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी हैं। भूमि ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में रोचक किरदार निभाकर दर्शकों के दिल पर राज किया है। 18 जुलाई को भूमि अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस मौके पर IMDb पर मौजूद उनकी लोकप्रिय फिल्मों के बारे में जानते हैं।

#1

'सोनचिड़िया'

भूमि की इस फिल्म को IMDb पर सबसे ज्यादा 7.9 रेटिंग मिली है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी। इस फिल्म में उनके साथ सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे। चंबल के बागियों का जीवन बयां करती इस फिल्म में भूमि ने इंदुमती तोमर नाम की एक उग्र महिला का किरदार निभाया, जो न केवल अपने घर का कुशल संचालन करती है, बल्कि बंदूक से गोलीबारी करने में भी माहिर है। यह फिल्म ZEE5 पर है।

#2

'सांड की आंख'

'सांड की आंख' बुजुर्ग शार्पशूटर प्रकाशी तोमर और चंद्रो तोमर के जीवन पर आधारित है। फिल्म में भूमि ने चंद्रो तोमर का किरदार अदा किया और समीक्षकों से खूब वाहवाही लूटी। इसमें भूमि की एक्टिंग दर्शकों को कभी हंसने पर तो कभी रोने पर मजबूर कर देती है। एक देसी हरियाणवी महिला का किरदार उन्होंने बखूबी पर्दे पर उतारा। इस फिल्म को IMDb पर 7.6 रेटिंग दी गई है। इसका लुत्फ आप ZEE5 पर उठा सकते हैं।

#3

'दम लगाके हईशा'

इस फिल्म' में भूमि ने एक मोटी लड़की का किरदार निभाया था, जिसका सभी लोग मजाक उड़ाते रहते हैं। उसकी शादी जिससे तय होती है वो भी उसे पसंद नहीं करता। इस किरदार में भूमि एकदम फिट बैठी थीं। इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार से भी नवाजा गया था। IMDb पर लोकप्रयता के मामले में उनकी यह फिल्म तीसरे नंबर पर है। इसे 7.5 रेटिंग मिली है। अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#4

'बाला'

भूमि ने इस फिल्म में बाला (आयुष्मान खुराना) की बचपन की दोस्त और पड़ोसन लतिका का किरदार निभाया था। लतिका एक सांवले रंग की लड़की है, जिसका मजाक बचपन से बन रहा है, लेकिन उसने अपने रंग को शुरू से ही अपनाया है। उसे किसी की बात से फर्क नहीं पड़ता। भूमि ने अपने इस किरदार में भी जान फूंक दी थी। IMDb पर उनकी इस फिल्म को 7.3 रेटिंग मिली है। यह फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर मौजूद है।

#5

'टॉयलेट: एक प्रेम कथा'

फिल्म मथुरा के नजदीक एक गांव का जीवन दिखाती हुई केशव (अक्षय कुमार) और जया (भूमि) के परस्पर आकर्षण, प्रेम और विवाह तक पहुंचती है। हालांकि, उतार-चढ़ाव तब शुरू होते हैं, जब जया को पता चलता है कि केशव के घर में टॉयलेट यानी शौचालय नहीं है। इसमें दिखाया गया था कि शौचालय के बिना जिंदगी कितनी तकलीफ भरी हो सकती है। IMDb पर इस फिल्म को 7.2 रेटिंग मिली है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।