Page Loader
कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया जल्द बनेंगे माता-पिता
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया जल्द बनेंगे माता-पिता

कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया जल्द बनेंगे माता-पिता

Dec 11, 2021
09:54 pm

क्या है खबर?

कॉमेडियन भारती सिंह ने अपनी कॉमेडी से विशिष्ट पहचान बनाई है। 'द कपिल शर्मा शो' से उन्हें विशेष ख्याति मिली है। पिछले कुछ दिनों से उनकी प्रेग्नेंसी की खबरें मीडिया में आ रही थीं। अब आखिरकार उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर पर मुहर लगा दी है। भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया जल्द माता-पिता बनने वाले हैं। इस कपल ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर अपने प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

भारती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करके दी जानकारी

भारती और उनके पति हर्ष ने इंस्टाग्राम पर बेहद खास अंदाज में अपने फैंस के साथ यह जानकारी साझा की है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वे जल्द माता-पिता बनने वाले हैं। भारती ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'ये तो हमारा सबसे बड़ा सरप्राइज था। रुके क्यों हो, कर दो अब सब्सक्राइब।' शेयर किए गए वीडियो में भारती ने डांस करते हुए अपनी खुशी जाहिर की है।

बधाई संदेश

सोशल मीडिया पर फैंस दे रहे हैं शुभकामनाएं

सोशल मीडिया पर कपल को ढेर सारी बधाइयां मिल रही हैं। हर्ष के इंस्टाग्राम पोस्ट पर भी लोग अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने हर्ष के पोस्ट पर लिखा, 'बधाई हो भाई। बहुत खुश हूं।' डांसर और एक्टर कुंवर अमर ने अपने कमेंट में लिखा, 'भाई क्या बात है। दुनिया का सबसे प्यारा बच्चा आ रहा है।' पति-पत्नि खुशी के इस लम्हे पर फूले नहीं समा रहे हैं। दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

मातृत्व

अगले साल अप्रैल या मई की शुरुआत में मां बनेंगी भारती

भारती और हर्ष की सोशल मीडिया पर बहुत अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिलती है। भारती की सोशल मीडिया पर उतनी ही लोकप्रियता है, जितनी किसी खास सेलिब्रिटी की होती है। भारती और हर्ष ने दिसंबर, 2017 में पंजाबी रीति-रिवाज के साथ गोवा में शादी रचाई थी। उनकी शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर छा गई थीं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अगले साल अप्रैल या मई की शुरुआत में माता-पिता बन सकते हैं।

कामकाज

कई शो में साथ काम कर चुके हैं भारती और हर्ष

भारती और उनके पति हर्ष ने कई प्रोजेक्ट में एक साथ काम किया है। उन्हें 'खतरा खतरा खतरा' और 'हम तुम और क्वारंटाइन' जैसे रियलिटी शो में एक साथ देखा गया है। यह कपल अभी एक इंडियन गेम शो को होस्ट कर रहा है। इसके अलावा उन्हें 'नच बलिए 8' में भी एक साथ देखा गया था। भारती ने 'कॉमेडी सर्कस', 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' और 'झलक दिखला जा' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।