रिलीज से पहले आमिर की 'लाल सिंह चड्ढा' ने कमाए 160 करोड़, नेटफ्लिक्स ने खरीदे राइट्स
क्या है खबर?
मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के प्रति दर्शकों में दीवानगी देखते ही बनती है। अब बहुत जल्द उनकी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' दर्शकों के बीच आएगी। फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
काफी समय बाद इस फिल्म से आमिर वापसी कर रहे हैं, इसलिए फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर है।
अब सुनने में आ रहा है कि इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही 160 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। नेटफ्लिक्स ने इसके राइट्स खरीद लिए हैं।
रिपोर्ट
थिएट्रिकल रिलीज के बाद नेटफ्लिक्स पर आएगी फिल्म
नवभारत टाइम्स के अनुसार, मेकर्स ने 'लाल सिंह चड्ढा' के स्ट्रीमिंग राइट्स 160 करोड़ रुपये में बेच दिए हैं। इसे एक बड़ी डील माना जा रहा है।
इसका मतलब है कि सिनेमाघरों में आने के बाद यह फिल्म स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स थिएट्रिकल और OTT रिलीज के बीच में कितना अंतराल रखते हैं।
बजट
180 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म
मेकर्स के लिए यह मुनाफे का सौदा साबित हुआ है, क्योंकि खबरों की मानें तो आमिर की 'लाल सिंह चड्ढा' 180 करोड़ रुपये के बजट में बनी है।
इस लिहाज से देखा जाए तो OTT राइट्स बेचकर ही फिल्म ने 160 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
कहा जा रहा है कि सिनेमाघरों में रिलीज होने के एक-डेढ़ महीने बाद फिल्म OTT पर आएगी।
डिस्ट्रीब्यूशन और फिल्मों की प्री-बुकिंग राइट्स को बेचकर फिल्म मुनाफा कमा सकती है।
सवाल
क्या 'लाल सिंह चड्ढा' बॉक्स ऑफिस का सूखा खत्म करेगी?
आमिर की 'लाल सिंह चड्ढा' पर दर्शकों से लेकर फिल्म समीक्षकों तक की निगाहें टिकी हुई हैं। सवाल उठता है कि क्या बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म रौनक लेकर आएगी।
हालिया अधिकांश फिल्में सिनेमाघरों में पिट गई हैं। चाहे अक्षय कुमार की 'सम्राट पृथ्वीराज' हो या कंगना रनौत की 'धाकड़' या फिर रणबीर कपूर की 'शमशेरा'; इन फिल्मों के कई शोज रद्द हुए।
बड़े पैमाने पर बनी ये फिल्में दर्शकों को नहीं जुटा पाईं।
जोड़ी
'लाल सिंह चड्ढा' में आमिर के साथ दिखेंगी करीना
'लाल सिंह चड्ढा' हॉलीवुड फिल्म 'फॉरेस्ट गंप' की हिंदी रीमेक है, जिसमें आमिर वाला किरदार टॉम हैंक्स ने निभाया था। आमिर के अलावा करीना कपूर भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
इससे पहले ये दोनों सुपरहिट फिल्म 'थ्री इडियट्स' में नजर आए थे। इन दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था।
इसमें शाहरुख खान के दिखने की भी खबरें आई थीं। साउथ अभिनेता नागा चैतन्य की यह बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है। इसका निर्देशन अद्वैत चंदन ने किया है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
'लाल सिंह चड्ढा' का अक्षय की फिल्म 'रक्षा बंधन' से क्लैश होगा। 'रक्षा बंधन' भी 11 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी। इस फिल्म का निर्देशन आनंद एल रॉय ने किया है। दोनों ही फिल्मों का इंतजार काफी समय से हो रहा है।