Page Loader
फिर बढ़ी कंगना रनौत की मुश्किलें, बांद्रा कोर्ट ने दिए FIR दर्ज करवाने के आदेश

फिर बढ़ी कंगना रनौत की मुश्किलें, बांद्रा कोर्ट ने दिए FIR दर्ज करवाने के आदेश

Oct 17, 2020
05:25 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में बनी रहती हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से वह किसी न किसी वजह से कानूनी पचड़ों में भी फंस गई हैं। अब मुंबई के बांद्रा कोर्ट ने अभिनेत्री पर FIR दर्ज कराने का आदेश दिया है। दरअसल, कास्टिंग डायरेक्टर साहिल अशरफ सैयद और मुन्ना वराली ने कंगना पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और हिन्दु-मुस्लिम में सामाजिक द्वेष को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

आरोप

कंगना भड़का रहीं हिन्दू-मुस्लिम के बीच नफरत- याचिका

दायर याचिका में कहा गया है कि कंगना लगातार बॉलीवुड को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। इसके अलावा वह अपने ट्वीट्स के जरिए आम लोगों में हिन्दू-मुस्लिमों के बीच नफरत को भी बढ़ावा दे रही हैं। जिससे कई लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि बांद्रा पुलिस स्टेशन ने उनके शिकायत पर FIR लिखने से मना कर दिया था। जिसके बाद उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

गिरफ्तारी

कंगना की हो सकती है गिरफ्तारी- रिपोर्ट

रिपोर्ट्स के अनुसार, याचिकाकर्ता ने कोर्ट में कंगना के कई ट्वीट्स पेश किए हैं। अब इन आरोपों के आधार पर कंगना के खिलाफ IPC की धीरी 156(3) के तहत FIR दर्ज की जा सकती हैं। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया जा सकता है। सिर्फ इतना ही नहीं, पुख्ता सबूत मिलने पर कंगना को गिरफ्तार भी किया जा सकता है। बता दें कि इस मामले में कंगना की बहन रंगोली चंदेल पर भी आरोप लगाए गए हैं।

ट्वीट्स

कंगना के ट्वीट्स का दिया गया हवाला

शिकायतकर्ता का कहना है कंगना ने अपने बयान में हिन्दू साधुओं की हत्या और BMC को 'बाबर सेना' कहकर भी लोगों के बीच भावनाएं भड़काई हैं। जबकि मुन्ना वराली ने अदालत में अपने कंगना के उस ट्वीट का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था, "उन लोगों ने मराठा गौरव पर एक भी फिल्म नहीं बनाई। इस्लाम के नियंत्रण वाली इस इंडस्ट्री में मैंने अपनी जिंदगी और करियर को खतरे में डाला है। मैंने शिवाजी और लक्ष्मीबाई पर फिल्म बनाई है।"

विवाद

कंगना के बयान पर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि कंगना ने अपने एक ट्वीट में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से करते हुए लिखा था कि वो खुद को यहां असुरक्षित महसूस करती हैं। इस कारण काफी हंगामा खड़ा हुआ था। इसी वजह से उनके और महाराष्ट्र सरकार के बीच विवाद शुरु हो गया था, यहां तक कि कई बॉलीवुड हस्तियां अभिनेत्री से नाराज हो गई थी। इसी बीच BMC ने कंगना के मुंबई वाले घर में तोड़फोड़ की थी।