वरुण धवन इन फिल्मों से बड़े पर्दे पर मचाएंगे धमाल, एक वेब सीरीज भी कतार में
क्या है खबर?
अभिनेता वरुण धवन को भले ही अपने निर्देशक पिता डेविड धवन की बदौलत बॉलीवुड में ब्रेक आसानी से मिल गया हो, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि आगे का सफर कलाकार के हुनर पर निर्भर करता है।
वरुण ने भी बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अपनी एक खास जगह बनाई है।
आज यानी 24 अप्रैल को वह अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं।
आइए इस मौके पर उनकी आने वाली फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'बेबी जॉन'
वरुण की आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है 'बेबी जॉन', जिसका निर्माण एटली और मुराद खेतानी मिलकर कर रहे हैं। साथ ही इसमें वामिका गब्बी और कीर्ति सुरेश भी दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं।
कीर्ति इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपे एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली हैं। जैकी श्रॉफ भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
'बेबी जॉन' के निर्देशन का जिम्मा ए कालीश्वरन ने संभाला है।
#2
'नो एंट्री 2'
'नो एंट्री' के सीक्वल का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के निर्माता बोनी कपूर ही हैं। इस फिल्म के सीक्वल में वरुण धवन, अर्जुन कपूर और दिलजीत दोसांझ नजर आएंगे।
पहले सुनने में आ रहा था कि सलमान खान और अनिल कपूर फिल्म का हिस्सा होंगे, लेकिन बाद में खुद बोनी ने यह पुष्टि कि वह ये फिल्म उनके बिना बना रहे हैं।
'नो एंट्री 2' 2025 में रिलीज हो सकती हैं।
#3
'भेड़िया 2'
वरुण अभिनेत्री कृति सैनन के साथ फिल्म 'भेड़िया' में नजर आए थे, जो 2022 में रिलीज हुई थी। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कमाई की थी, वहीं दर्शकों ने फिल्म में वरुण के अभिनय की भी तारीफ की थी।
अब इस फिल्म का सीक्वल 'भेड़िया 2' दर्शकों के बीच आएगा। जियो स्टूडियो की तरफ से जारी की गई आने वाली फिल्मों की सूची के हिसाब से यह फिल्म 2025 में बड़े पर्दे पर आएगी।
#4 और #5
'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' और 'स्त्री 2'
वरुण की आने वाली चर्चित फिल्मों में 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' भी शामिल है, जिसमें जाह्नवी कपूर उनकी जोड़ीदार होंगी। फिल्म का निर्देशन जहां शशांक खैतान कर रहे हैं, वहीं इसके निर्माता करण जौहर हैं। यह फिल्म 18 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों का रुख करेगी।
उधर फिल्म 'स्त्री 2' भी चर्चा में है, जिसमें वरुण को मेहमान भूमिका में देखा जाएगा। इस फिल्म में भेड़िया के रूप में उनकी मौजूदगी 'भेड़िया 2 के लिए उनकी भूमिका तैयार करेगी।
जानकारी
'सिटाडेल: हनी बनी'
वरुण वेब सीरीज 'सिटाडेल: हनी बनी' में भी नजर आएंगे। अपनी इस पहली सीरीज में वह सामंथा रुथ प्रभु के साथ दिखेंगे। 'द फैमिली मैन' सीरीज बना चुकी बॉलीवुड की हिट निर्देशक जोड़ी राज और डीके ने 'सिटाडेल' का निर्देशन किया है।