Page Loader
एटली की अगली फिल्म में होंगे वरुण धवन, इसी साल शुरू होगी शूटिंग
एटली की अगली फिल्म में होंगे वरुण धवन

एटली की अगली फिल्म में होंगे वरुण धवन, इसी साल शुरू होगी शूटिंग

Feb 04, 2023
02:45 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर निर्देशक एटली कुमार अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म 'जवान' के लिए सुर्खियों में हैं। वह शाहरुख खान के साथ अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म बना रहे हैं। 'जवान' में साउथ के भी कई जानेमाने कलाकार नजर आएंगे और स्टारकास्ट की वजह से यह फिल्म सुर्खियों में है। इसी बीच उनके अगले बॉलीवुड प्रोजेक्ट की भी चर्चा शुरू हो गई है। खबर है कि एटली अपनी अगली फिल्म वरुण धवन के साथ बनाएंगे।

खबर

विजय की फिल्म की रीमेक होगी वरुण की फिल्म

बॉलीवुड हंगामा की खबर के अनुसार एटली ने अपनी अगली फिल्म के लिए वरुण धवन से संपर्क किया है। खबरों की मानें तो वरुण ने इस फिल्म के लिए हामी भर दी है। हालांकि, इसकी औपचारिकताएं अभी बाकी हैं। यह फिल्म विजय थलापति की फिल्म 'थेरी' की रीमेक होगी। जून से सितंबर के बीच इसकी शूटिंग शुरू हो सकती है। 'थेरी' में सामंथा रुथ प्रभु नजर आई थीं। ऐसे में फिल्म में फीमेल लीड पर लोगों की नजर है।

जवान

अपनी स्टारकास्ट की वजह से चर्चा में है 'जवान'

एटली की 'जवान' इस साल जून में रिलीज होगी। इस फिल्म में साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री नयनतारा बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। उनके अलावा फिल्म में सान्या मल्होत्रा भी नजर आएंगी। चर्चा है कि शाहरुख इस फिल्म में डबल रोल में नजर आएंगे। एक किरदार में वह रॉ एजेंट होंगे जबकि एक किरदार गैंगस्टर का होगा। नयनतारा फिल्म में जांच अधिकारी की भूमिका में होंगी। इनके अलावा फिल्म में विजय सेतुपति और विजय थलापति का भी कैमियो होगा।

निजी जिंदगी

हाल ही में पिता बने हैं एटली

इसी हफ्ते एटली एक बेटे के पिता बने हैं। इससे उनकी और उनकी पत्नी कृष्णा प्रिया की खुशियों का ठिकाना नहीं है। एटली और कृष्णा ने 2014 में शादी रचाई थी। दोनों का एक प्रोडक्शन हाउस 'ए फॉर ऐपल प्रोडक्शन' है, जिसके बैनर तले दो फिल्मों का निर्माण किया गया है। कृष्णा तमिल और तेलुगु फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। वहीं एटली ने 'राजा रानी', 'मेर्सल' और 'बिगिल' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।

आगामी प्रोजेक्ट

ये हैं वरुण धवन के आने वाले प्रोजेक्ट

वरुण धवन के आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनकी वेब सीरीज 'सिटाडेल' लंबे समय से चर्चा में है। इसमें उनके साथ सामंथा रुथ प्रभु भी नजर आएंगी। यह प्रियंका चोपड़ा की अमेरिकी ड्रामा सीरीज 'सिटाडेल' का देसी संस्करण है। इसके अलावा वह एक्शन फिल्म 'बवाल' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर नजर आएंगी। यह वरुण के करियर की अब तक की सबसे बड़ी बजट वाली फिल्म है।