LOADING...
अर्जुन कपूर और यशराज फिल्म्स की राहें हुईं जुदा, टूटा 12 साल पुराना रिश्ता
YRF एजेंसी से क्यों अलग हुए अर्जुन कपूर?

अर्जुन कपूर और यशराज फिल्म्स की राहें हुईं जुदा, टूटा 12 साल पुराना रिश्ता

लेखन पलक
May 12, 2024
02:01 pm

क्या है खबर?

अर्जुन कपूर को अपने किरदारों से लेकर अभिनय तक के लिए काफी आलोचना झेलनी पड़ी है। हालांकि, इसके बाद भी वह कुछ ऐसी फिल्में करने में सफल रहे हैं, जिन्हें दर्शक याद करते हैं। इनमें से एक 'इश्कजादे' है, जिसका निर्माण यशराज फिल्म्स (YRF) ने किया था। YRF अर्जुन का टैलेंट मैनेजनमेंट और PR भी संभालती थी। हालांकि, अब खबर आ रही है कि अर्जुन ने YRF के साथ अपना यह 12 साल का रिश्ता खत्म कर लिया है।

अलगाव

अर्जुन और YRF हुए अलग

'इश्कजादे' के साथ करियर शुरू करने वाले अर्जुन ने पूरे 12 साल बाद YRF टैलेंट मैनेजमेंट से नाता तोड़ लिया है। मतलब साफ है अब उनके काम का जत्था-बत्था अब आदित्य चोपड़ा की कंपनी के हाथ में नहीं होगा। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, "अर्जुन और YRF अलग हो गए हैं। अर्जुन नए रास्ते तलाशना चाहते थे, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया। वह और आदित्य एक-दूसरे का बहुत सम्मान करते हैं और उन्होंने आपसी सहमति से यह फैसला लिया है।''

जानकारी

आगे भी YRF के साथ काम कर सकते हैं अर्जुन 

सूत्र ने बताया कि अगर YRF के पास अर्जुन के लायक कोई अच्छी स्क्रिप्ट होगी तो प्रोडक्शन कंपनी फिर से अभिनेता के साथ काम करना चाहेगी। अर्जुन और आदित्य के रिश्ते हमेशा की तरह मजबूत बने रहेंगे, क्योंकि दोनों के आपसी संबंध बहुत अच्छे हैं।

शुरुआत

यह कंपनी संभालेगी अर्जुन का काम-काज

अन्य सूत्र ने यह भी कहा कि अर्जुन का काम अब रेशमा शेट्टी की कंपनी मैट्रिक्स IEC प्राइवेट लिमिटेड संभालेगी। बता दें, अर्जुन के अलावा मैट्रिक्स कई नामी कलाकारों का काम-काज संभालती है। इसमें शाहिद कपूर, राम चरण, अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट, फरहान अख्तर, वरुण धवन, कैटरीना कैफ, माधुरी दीक्षित, विक्की कौशल जैसे कलाकारों का नाम शामिल है। अब देखना यह होगा कि अर्जुन का ऐसा करना उनके लिए कितना फलदायक होता है।

रणवीर सिंह

रणवीर सिंह भी हो चुके हैं YRF से अलग

साल 2022 में नवंबर में रणवीर सिंह भी यशराज फिल्म्स टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी से अलग हो गए थे। करीब 12 साल तक YRF से जुड़े रहने के बाद वह इससे अलग हुए थे। बता दें, साल 2010 में रणवीर ने YRF की ही फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वह YRF की फिल्में 'जयेशभाई जोरदार', 'लेडीज वर्सेज रिकी बहल' और 'बेफिक्रे जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

फिल्में

इन फिल्मों के लिए चर्चा में हैं अर्जुन

अर्जुन की फिल्मों की बात करें तो उन्हें जल्द ही रोहित शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सिंघम अगेन' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह खलनायक डेंजर लंका की भूमिका निभाएंगे। इसके बाद अभिनेता फिल्म 'मेरे हसबैंड की बीवी' में दिखेंगे, जिसमें भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में होंगी। हाल ही में बोनी कपूर ने यह भी घोषणा की है कि 'नो एंट्री 2' की शूटिंग भी जल्द शुरू होगी, जिसमें अर्जुन, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ होंगे।