अनुपमा परमेश्वरन का खुलासा- मासिक धर्म पर शर्मिंदा करता था, औरत होने पर आती थी घिन
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन ने अपने 2 साल लंबे जहरीले रिश्ते पर बड़े खुलासे किए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनके पूर्व प्रेमी ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित किया। अनुपमा के मुताबिक, उनका एक्स-बॉयफ्रेंड उनके मासिक धर्म को लेकर अक्सर उन्हें शर्मिंदा करता था। अभिनेत्री ने कहा कि कभी उनका सपना 11 बच्चों की मां बनने का था, लेकिन इस रिश्ते में मिले जख्मों के बाद अब वो कभी मां नहीं बनना चाहतीं।
तंज
"गलती उसकी होती, ताना मेरे मासिक धर्म को मिलता"
अनुपमा बोलीं, "मैं एक ऐसी स्थिति में थी, जहां मुझे अभिनेत्री होने पर शर्म महसूस कराई जाती थी। मुझे अपने आत्मविश्वासी होने, महिला होने और यहां तक कि अपने मासिक धर्म आने पर भी शर्मिंदा किया जाता था। पीरियड्स का चाहे पहला दिन हो, पांचवां, 10वां, 15वां, 20वां या फिर 25वां दिन... अगर मैं उसकी किसी गलती पर सवाल उठाती तो वो बात टालने के लिए बस यही कहता 'ओह, तुम्हें PMS हो रहा है, तुम्हारे पीरियड्स आने वाले हैं।"
शर्मिंदगी
उसने मुझे औरत होने पर शर्मिंदा किया- अनुपमा
अनुपमा ने आगे कहा, "उसके इन तानों की वजह से मुझे खुद पर बहुत शर्म महसूस होने लगी थी। मैं कभी 11 बच्चों की मां बनने का सपना देखती थी, लेकिन अब मैं बच्चे ही नहीं चाहती। मुझे अपने औरत होने और अपनी उपलब्धियों तक से घिन महसूस होने लगी थी।"
अनुपमा ने इस 2 साल के रिश्ते को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का खौफनाक दौर बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान वो खुद को पूरी तरह खो चुकी थींं।
चर्चाग
अनुपमा के पूर्व प्रेमी की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें तेज
सोशल मीडिया पर अनुपमा के पूर्व प्रेमी की पहचान को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन अभिनेत्री ने सार्वजनिक रूप से उनका नाम नहीं लिया है।
कई लोगों से उनका नाम जोड़ा गया, पर अभिनेत्री ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि अनुपमा मुख्य रूप से तेलुगू, मलयालम और तमिल फिल्मों में काम करने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने साल 2015 में ब्लॉकबस्टर मलयालम फिल्म 'प्रेमम' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।