अनीत पड्डा ने 'सैयारा' के बाद क्यों चुनी हॉरर-कॉमेडी? बताई असली वजह
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री अनीत पड्डा साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'सैयारा' से चर्चा में आईं। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक फिल्म में अहान पांडे के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। अब अनीत अपनी अगली फिल्म 'शक्ति शालिनी' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। 'वैरायटी इंडिया' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि 'सैयारा' की सफलता के बाद उन्होंने 'शक्ति शालिनी' में काम करने का फैसला क्यों किया?
खुशकिस्मत
अनीत मानती हैं खुद को खुशकिस्मत
अनीत ने 'सैयारा' के बाद अपनी दूसरी फिल्म 'शक्ति शालिनी' के बारे में बात करते हुए कहा, "मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे 'शक्ति शालिनी' मिली। 'सैयारा' के बाद मैं बिल्कुल इसी तरह की फिल्म करना चाहती थी। यह बहुत अलग है। इसमें एक्शन, रोमांस और अलौकिक तत्व हैं। इस फिल्म के जरिए मुझे अपने एक बिल्कुल अलग रूप को सामने लाने का मौका मिला है और इससे मैं बहुत खुश हूं।"
बातचीत
कैसी फिल्में करना चाहती थीं अनीत?
अनीत ने आगे कहा, "सच कहूं तो, मैं एक अकेली मुख्य भूमिका वाली फिल्म करना चाहती थी। मैं गर्व से कह सकूं कि यह मेरी फिल्म है। एक अभिनेत्री के तौर पर, पूरी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है और ऐसी फिल्में करने का मौका कितनी महिलाओं को मिलता है? मुझे खुशी है कि मुझे अपनी दूसरी फिल्म में ही मौका मिला। हालांकि, पूरी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है, लेकिन इस फिल्म का जो भी परिणाम होगा, वह मेरा अपना होगा।"
जानकारी
अनीत ने किया इन फिल्मों में काम
आपको बता दें अनीत को हाल ही में 'हुंकार' सीरीज में देखा गया था, जिसकी शूटिंग उन्होंने 'सैयारा' से काफी पहले कर ली थी। इसके बाद वह 'शक्ति शालिनी' में नजर आएंगी। हालांकि, अभी इसकी रिलीज की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है।