अनीत पड्डा ने किया नाना पाटेकर को नमन, कहा- उन्हें देखना ही जिंदगीभर की सीख
क्या है खबर?
अभिनेत्री अनीत पड्डा ने अपनी आगामी फिल्म 'शक्ति शालिनी' के सह-कलाकार और दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है। नाना के साथ काम करने के अपने अनुभव को याद करते हुए अनीत ने इसे अपने जीवन की एक बड़ी 'सीख' बताया। उन्होंने कहा कि एक इतने ईमानदार और सादगी पसंद अभिनेता से केवल बात करना और उन्हें अभिनय करते देखना ही अपने आप में एक अमूल्य सीख थी, जिसे वो जिंदगीभर संभालकर रखेंगी।
यादें
अनीत ने याद की नाना संग अपनी पहली मुलाकात
पुरानी यादें ताजा करते हुए अनीत ने नाना संग अपनी पहली मुलाकात को याद किया।
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि जब वो पहली बार उनके सामने बैठीं तो हैरान और चुप रह गईं।
अनीत के मुताबिक, एक ऐसे व्यक्ति के सामने बैठना, जो इतना ईमानदार, बेबाक और पूरी तरह से अपने उसूलों पर जीने वाला हो, अपने आप में अनोखा अनुभव था।
उन्होंने लिखा, 'जब मैं पहली बार नाना सर से मिली तो कुछ बोल ही नहीं पाई।'
सीख
नाना सर ने सिखाया असली कलाकार क्या होता है- अनीत
अनीत ने लिखा, 'नाना अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने वाले और शोहरत के शोर से दूर सादगी पसंद इंसान थे। उन्होंने मुझे सिखाया कि असली कलाकार होना क्या होता है। अपने करियर की शुरुआत में ही उनके साथ काम करना और उन्हें देखकर बहुत कुछ सीखना मेरे लिए बेहद कीमती पल हैं। ये सोचकर अबे भी शब्द नहीं मिलते कि उनकी आखिरी फिल्मों में से एक मेरे साथ थी।'
अलविदा कहते हुए उन्होंने लिखा, 'आपकी आत्मा को शांति मिले, सर।'