अमिताभ को मिलेगा दादा साहेब फाल्के, जानिए क्यों दिया जाता है यह पुरस्कार और इसका इतिहास
क्या है खबर?
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस बात की जानकारी सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को दी। इसकी घोषणा के बाद लगातार सोशल मीडिया पर बिग बी को बधाई मिल रही हैं।
बता दें कि 'दादा साहेब फाल्के', बॉलीवुड इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।
तो जानते हैं इस पुरस्कार से जुड़ीं ऐसी ही कुछ बातें जिनके बारे में कम ही लोगों को पता होगा।
शुरुआत
1969 में शुरू हुई थी दादा साहब फाल्के पुरस्कार की शुरुआत
भारतीय सिनेमा की नींव रखने वाले दादा साहेब फाल्के के नाम पर ही दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड दिया जाता है।
दादा साहेब का असली नाम धुंधिराज गोविन्द फाल्के था। दादा साहेब मराठी थे और उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई महाराष्ट्र के नासिक से की थी।
दादा साहेब ने ही भारत की पहली फुल-लेंथ फीचर 'राजा हरिश्चंद्र' का निर्देशन किया था।
1969 में दादा साहब फाल्के की 100वीं जयंती के मौके पर इस पुरस्कार की शुरुआत हुई थी।
जानकारी
'द लाइफ ऑफ क्रिस्ट' देख दादा साहेब के मन में आया था फिल्म बनाने का ख्याल
दादा साहेब के मन में 'द लाइफ ऑफ क्रिस्ट' देखने के बाद फिल्में बनाने का विचार जागा था। इसके बाद उन्होंने पत्नी से पैसे उधार लेकर अपनी पहली मूक फिल्म बनाई। मूक फिल्म के बाद उन्होंने फिल्मों को बनाने को लेकर एक्सपेरीमेंट शुरू किए।
भारतीय सिनेमा
किसे दिया जाता है दादा साहब फाल्के पुरस्कार?
दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला एक वार्षिक पुरस्कार है, जो किसी व्यक्ति को भारतीय सिनेमा में उसके आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है। यह एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है।
इस सम्मान के तहत सम्मानित होने वाले व्यक्ति को एक स्वर्ण कमल मेडल और दस लाख रुपये दिए जाते हैं।
76 साल के अमिताभ को भी भारतीय सिनेमा में अपने अभूतपूर्व योगदान के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
सेलीब्रिटीज़
इन हस्तियों को अब तक मिल चुका ये सम्मान
बता दें कि सबसे पहला दादा साहेब फाल्के पुरस्कार साल 1969 में देविका रानी चौधरी को दिया गया था।
अब तक यह सम्मान विनोद खन्ना, मजरूह सुल्तानपुरी, कवि प्रदीप, बीआर चोपड़ा, नौशाद, ऋषिकेश मुखर्जी, आशा भोंसले, शशिकपूर, प्राण, पृथ्वीराज कपूर, सुलोचना, दुर्गा खोटे, नौशाद, अशोक कुमार, सत्यजीत रे, यश चोपड़ा, लता मंगेशकर, भूपेन हजारिका, दिलीप कुमार, राज कपूर, देव आनंद, श्याम बेनेगल, मन्ना डे समेत कई हस्तियों को दिया जा चुका है।
जानकारी
यह पुरस्कार ग्रहण करने वाले 50वें सेलीब्रिटी होंगे बिग बी
बता दें कि बिग बी दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड को ग्रहण करने वाले 50वें सेलीब्रिटी होंगे। इनमें से पृथ्वीराज कपूर और विनोद खन्ना दो ऐसे नाम हैं जिन्हें मरणोपरांत दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया।