अमिताभ बच्चन ने झेले ताने, बोले- निर्माता कहते थे कोई हीरोइन तुम्हारे साथ काम नहीं करेगी
क्या है खबर?
अमिताभ बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए शुरुआती दौर में काफी संघर्ष किया। 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के हालिया एपिसोड में उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि निर्माता उनकी लंबी हाइट और छोटे चेहरे को लेकर सवाल उठाते थे। उनका कहना था कि उनकी हाइट इतनी ज्यादा है कि कोई हीरोइन उनके साथ काम नहीं करेगी। चेहरे को भरा हुआ दिखाने के लिए अमिताभ ने अपने बाल भी बढ़ाए।
खुलासा
अमिताभ को क्यों मजबूरी में बढ़ाने पड़े थे कंधे तक लंबे बाल?
अमिताभ ने एक प्रतियोगी से कहा, "सर, जब हमने पहली बार फिल्मों में प्रवेश किया था, जब हम काम की तलाश में थे तो निर्माता हमें 2 बातें बताते थे। पहला कि हम बहुत लंबे थे और कोई भी हीरोइन हमारे साथ काम नहीं करना चाहेगी और दूसरा हमारा चेहरा बहुत छोटा था, इसलिए उसकी भरपाई के लिए हमने अपने बाल बढ़ाए और उन्हें अपने कंधे तक बढ़ने दिया ताकि हमारा चेहरा भरा हुआ दिखे।"
करियर
अमिताभ का शुरुआती संघर्ष
बता दें कि अमिताभ ने साल 1969 में मृणाल सेन की फिल्म 'भुवन शोम' में नैरेटर के तौर पर सिनेमा जगत में कदम रखा था।
इसके बाद उन्होंने ख्वाजा अहमद अब्बास की फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' से बतौर अभिनेता अपनी शुरुआत की। हालांकि, ये फिल्म सफल नहीं रही।
शुरुआत में अमिताभ की कई फिल्में भी नहीं चलीं। इसके बाद 1973 में आई फिल्म 'जंजीर' ने उनके करियर को नई दिशा दी और वो देखते ही देखते बॉलीवुड के शहंशाह बन गए।