टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा ने की आत्महत्या, सेट पर फांसी लगाकर दी जान
क्या है खबर?
टीवी अभिनेत्री तुनिषा शर्मा ने आत्महत्या कर ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेत्री ने आज टीवी सीरियल 'अलीबाबा: दास्तान ए काबुल' के सेट पर अपनी जान दे दी।
पुलिस ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिनेत्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि अभी तक अभिनेत्री के आत्महत्या करने की वजह सामने नहीं आई है। अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी
तुनिषा के को-स्टार ने दिया घटना का ब्यौरा
सूत्रों के मुताबिक, तुनिषा ने अपने को-स्टार शीजान के मेकअप रूम में फांसी लगाई।
शीजान का कहना है कि जब वह शूटिंग खत्म कर अपने मेकअप रूम में पहुंचे तब उन्हें गेट अंदर से बंद मिला।
उन्होंने दरवाजा खटखटाया जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तब मेकअप रूम का दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर आते ही उन्होंने तुनिषा को बेसुध हालत में पाया और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित किया।
करियर
बाल कलाकार के रूप में की थी करियर की शुरुआत
20 वर्षीय तुनिषा ने बाल कलाकार के रूप में इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने टीवी शो 'भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप' सीरियल के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।
अभिनेत्री ने 'बार-बार देखो', 'दुर्गा रानी सिंह', 'दबंग 3' जैसी फिल्मों में भी भूमिका निभाई थी।
फिल्म 'फितूर' में अभिनेत्री ने यंग कैटरीना कैफ और फिल्म 'कहानी 2' में विद्या बालन का रोल अदा किया था।
सोशल मीडिया
आत्महत्या से छह घंटे पहले तुनिषा ने किया था यह पोस्ट
सोशल मीडिया पर तुनिषा को 10 लाख से ज्यादा यूजर्स फॉलो करते हैं।
तुनिषा अक्सर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फोटोज और वीडियोज पोस्ट करती थीं।
आत्महत्या करने से छह घंटे पहले भी तुनिषा ने अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, 'जो जुनून के दम पर आगे बढ़ते हैं, वो रुकते नहीं हैं।'
अब फैंस को हैरान हैं। वे कह रहे हैं कि जुनून की बात करने वाला आत्महत्या कैसे कर सकता है।
हेल्पलाइन
इन हेल्पलाइन की ले सकते हैं मदद
आत्महत्या एक गंभीर समस्या है। अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप नीचे दिये नंबरों पर फोन कर मदद प्राप्त कर सकते हैं।
आसरा: यह मुंबई स्थित NGO है, जो परेशान और अवसाद से घिरे लोगों की मदद करता है। हेल्पलाइन नंबर- 91-22- 27546669
स्नेह इंडिया फाउंडेशन: यह संस्था हफ्ते के सातों दिन 24 घंटे सेवा देती है। हेल्पलाइन नंबर- 91-44-24640050
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: हेल्पलाइन नंबर- 18602662345