आलिया भट्ट ने दी कोरोना वायरस को मात, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी जानकारी
जब से आलिया भट्ट ने खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी है, तभी से प्रशंसकों को उनकी चिंता सता रही है और वे उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। उनकी ये दुआएं रंग लाई हैं और आलिया ने कोरोना से जंग जीत ली है। आलिया ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर खुद इस बात की जानकारी दी। आइए जानते हैं कि उन्होंने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
अपनी पोस्ट में आलिया ने कही ये बात
इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए आलिया ने लिखा, 'यह वो समय है जिसमें नेगेटिव होना अच्छी बात है।' तस्वीर में कोरोना से उबरने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है। उनके इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक फैन ने लिखा, 'इस खबर से दिल हल्का हो गया है।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'हम इसी इंतजार में थे।ट आलिया इससे पहले भी सोशल मीडिया पर अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी देती रही हैं।
यहां देखिए आलिया का पोस्ट
2 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं आलिया
आलिया से पहले रणबीर कपूर को कोरोना हुआ था। रणबीर के संक्रमित होने के बाद आलिया ने खुद को क्वारंटाइन करते हुए अपना टेस्ट करवाया था। 2 अप्रैल को वह कोरोना से संक्रमित पाई गई थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह जानकारी दी थी। आलिया ने लिखा था कि वह कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं और उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। उन्होंने बताया था कि वह डॉक्टर की बताई हर सलाह पर ध्यान दे रही हैं।
इन फिल्मों में नजर आने वाली हैं आलिया
आलिया संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में नजर आएंगी। इसके ट्रेलर को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है। आलिया को निर्देशक अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी देखा जाएगा। इसमें वह अपने तथाकथित बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर के साथ इश्क फरमाती दिखेंगी। आलिया करण जौहर की फिल्म 'तख्त' का हिस्सा भी हैंं। इसके अलावा वह शाहरुख खान के होम प्रोडक्शन में बन रही फिल्म 'डार्लिंग्स' और फिल्म 'RRR' में भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगी।
देश में क्या हैं कोरोना वायरस महामारी के हालात?
देश में कोरोना एक बार फिर से बेकाबू हो रहा है और दिन-प्रतिदिन स्थिति बिगड़ती जा रही है। भारत में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1,84,372 नए मामले सामने आए और 1,027 मरीजों की मौत हुई है। देश के सबसे प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 35,19,208 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 58,526 मरीजों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना के 60,212 नए मामले सामने आए और 281 लोगों की मौत हो गई।