Page Loader
आलिया भट्ट पर लगा बड़ा दांव, ये फिल्में लगाएंगी उनके करियर में चार चांद
आलिया भट्ट की आने वाली फिल्में (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@aliaabhatt)

आलिया भट्ट पर लगा बड़ा दांव, ये फिल्में लगाएंगी उनके करियर में चार चांद

Jul 14, 2024
05:45 pm

क्या है खबर?

आलिया भट्ट बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिन्हें बॉलीवुड में ब्रेक भले ही आसानी से मिल गया हो, लेकिन आज वह अपने करियर के जिस मुकाम पर है, उसके पीछे उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत है। आलिया अपने अभिनय से कई फिल्मों में दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। अपने दम पर फिल्म हिट करने का माद्दा रखने वाली आलिया आने वाले दिनों में कई फिल्मों से दर्शकाें का मनोरंजन करती दिखेंगी। एक नजर उनकी आगामी फिल्मों पर।

#1

'अल्फा'

आलिया की फिल्म 'अल्फा' का ऐलान कुछ ही दिन पहले हुआ है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में आलिया जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस करती नजर आएंगी। फिल्म में वह एक सीक्रेट एजेंट की भूमिका निभाने वाली हैं और अपनी इस भूमिका के साथ इंसाफ करने के लिए उन्होंने 4 महीने की कड़ी ट्रेनिंग ली है। भारी-भरकम बजट में बन रही इस फिल्म में आलिया के साथ अभिनेत्री शरवरी वाघ नजर आएंगी।

#2

'जिगरा'

करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस से आलिया का खास नाता रहा है। करण की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से ही आलिया ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। अब उन्हें फिर 'जिगरा' के जरिए करण का साथ मिला है। 27 सितंबर, 2024 को 'जिगरा' बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। चर्चा है कि इस फिल्म की कहानी भाई-बहन पर आधारित होगी। इसमें दिखाया जाएगा कि एक बहन अपने भाई को बचाने के लिए किस हद तक जा सकती है।

#3

'लव एंड वॉर'

आलिया की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में 'लव एंड वॉर' भी शुमार है। इसमें उनके साथ पति रणबीर कपूर और अभिनेता विक्की कौशल नजर आएंगे। यह पहला मौका होगा, जब कलाकारों की ये तिकड़ी किसी फिल्म में साथ दिखेगी। संजय लीला भंसाली इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। वह लंबे समय बाद एक शानदार लव स्टोरी दर्शकों के बीच पेश करने वाले हैं। यह फिल्म अगले साल क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों का रुख करेगी।

#4 और #5

'जी ले जरा' और 'ब्रह्मास्त्र 2'

'जी ले जरा' की घोषणा काफी पहले हो गई थी। बीच में खबर आई कि इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। हालांकि, फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर फिल्म पर काम शुरू करने का हिंट दे चुके हैं। फिलहाल वह फिल्म के शूटिंग शेड्यूल पर काम कर रहे हैं। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में पहली बार रणबीर कपूर और आलिया भट्ट साथ दिखे थे। अब दोनों फिल्म के दूसरे भाग 'ब्रह्मास्त्र 2' में नजर आएंगे।