'OMG 2' से पहले OTT देखिए अक्षय कुमार की सामाजिक संदेश वाली ये फिल्में
क्या है खबर?
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म 'ओह माय गॉड 2' के लिए चर्चा में हैं। यह फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होगी। चर्चा है कि अक्षय और पंकज त्रिपाठी की यह फिल्म सेक्स एजुकेशन पर आधारित है।
इससे पहले भी अक्षय की कई फिल्में सामाजिक मुद्दों पर आधारित रही हैं। ऐसे विषयों को चुनने के लिए अक्षय की हमेशा प्रशंसा हुई है। आइए, नजर डालते हैं उनकी ऐसी ही फिल्मों पर।
#1
'पैडमैन'
2018 की फिल्म 'पैडमैन' महिलाओं द्वारा सैनिटरी नैपकिन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का संदेश देती है। यह फिल्म सामाजिक कार्यकर्ता अरुणाचलम मुरुगनथम की बायोपिक है। अरुणाचलम ने महिलाओं को कम कीमत में सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए एक मशीन का आविष्कार किया था।
इस फिल्म में अक्षय के साथ राधिका आप्टे ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
'पैडमैन' को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया था। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
#2
'टॉयलेट: एक प्रेम कथा'
'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' खुले में शौच की समस्या पर आधारित है। अक्षय और भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म 2017 में आई थी।
फिल्म एक ऐसे गांव की कहानी है जहां ज्यादातर लोग अब भी खुले में सौच करते हैं। इस गांव में जब एक शिक्षित महिला की शादी होती है, तो वह घर में शौचालय बनवाने के लिए अड़ जाती है।
यह फिल्म आप ZEE5 पर देख सकते हैं।
#3
'अतरंगी रे'
आनंद एल राय की 'अतरंगी रे' 2021 में आई थी। फिल्म में सारा अली खान, धनुष और अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
फिल्म मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता के महत्व को समझाती है। फिल्म में सारा का किरदार एक ऐसी लड़की का है, जिसने बचपन में अपने माता-पिता को खो दिया था। वह तब से ही सदमे में है और लोग उसे पागल समझते हैं।
यह फिल्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी।
#4
'2.0'
'2.0' एक साइंस फिक्शन फिल्म है, जो 2018 में तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी। फिल्म मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान को दिखाती है। खासकर, मोबाइल से निकलने वाले रेडिएशन से कम हो रही पक्षियों की संख्या के मुद्दे को उठाती है।
फिल्म 2010 में आई 'रजनीकांत' की फिल्म 'रोबोट' का सीक्वल है। इस साइंस फिक्शन फिल्म के VFX को बड़े पर्दे पर काफी पसंद किया गया था।
फिल्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर उपलब्ध है।
#5
'ऐतराज'
अक्षय और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'ऐतराज' 2004 में आई थी। फिल्म एक महिला बॉस द्वारा पुरुष सहकर्मी के यौन शोषण और रेप के झूठे आरोप पर आधारित थी।
फिल्म मेंअक्षय के साथ करीना कपूर भी नजर आई थीं।
'ऐतराज' अपनी शानदार कहानी, रोचक ट्विस्ट्स और बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए पसंद की जाती है। फिल्म के गाने भी उन दिनों खूब सुने जाते थे।
'ऐतराज' को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।