Page Loader
इस फिल्म में काजल अग्रवाल के साथ फिर बन सकती है अजय देवगन की जोड़ी

इस फिल्म में काजल अग्रवाल के साथ फिर बन सकती है अजय देवगन की जोड़ी

Jun 08, 2021
04:37 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'सिंघम' में अजय देवगन के साथ साउथ की मशहूर अभिनेत्री काजल अग्रवाल नजर आई थीं। इसी फिल्म से काजल ने बतौर हीरोइन हिंदी सिनेमा में आगाज किया था और हिंदीभाषी दर्शकों के बीच भी अपनी पकड़ मजबूत की थी। अजय के साथ काजल की केमिस्ट्री ने दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी थी। अब खबर है कि दोनों फिर साथ नजर आ सकते हैं। आइए जानते हैं किस फिल्म के लिए अजय ने काजल से दोबारा हाथ मिलाया है।

रिपोर्ट

अजय की पत्नी का किरदार निभाएंगी काजल

अजय ने 'कैथी' के हिंदी रीमेक की घोषणा पिछले साल कर दी थी, लेकिन इसमें हीरोइन का नाम तय नहीं हुआ था। अब जाकर रीमेक ने रफ्तार पकड़ी है। दरअसल, पिछले काफी समय से इसके लिए लीड हीरोइन की तलाश चल रही थी। बॉलीवुड लाइफ की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म में काजल अग्रवाल को कास्ट कर लिया गया है। वह इसमें अजय देवगन की पत्नी का किरदार निभाने वाली हैं। लॉकडाउन खुलते ही फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।

पसंद

'सिंघम' में दर्शकों का भा गई थी अजय और काजोल की जोड़ी

फिल्म 'सिंघम' में अजय और काजल की जोड़ी दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही थी। दोनों ने ही अपने दमदार अभिनय से पर्दे पर अपनी एक अलग छाप छोड़ी थी। इस फिल्म नें जहां अजय के करियर को दोबारा पटरी पर लाकर खड़ा कर दिया था, वहीं, काजल ने बॉलीवुड में अपनी धमाकेदार शुरुआत की थी। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2010 में आई तमिल फिल्म 'सिंघम' का रीमेक थी।

जानकारी

25 अक्टूबर, 2019 में रिलीज हुई थी फिल्म 'कैथी'

लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म 25 अक्टूबर, 2019 में दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। इसे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म को ना सिर्फ दर्शकों, बल्कि समीक्षकों ने भी खूब सराहा था। 'कैथी' एक पूर्व अपराधी की कहानी पर आधारित है, जो अपनी बेटी से पहली बार मिलने जाता है। बेटी से मिलने जाने के दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले उसे एक ड्रग तस्कर का सामना करना पड़ता है।

फिल्में

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे अजय

अप्रैल में अजय ने निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर के साथ कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'गोबर' का ऐलान किया था। वह फिल्म मेडे में मुख्य भूमिका निभाएंगे। अजय इस फिल्म में पायलट की भूमिका निभाने वाले हैं। रकुल प्रीत सिंह और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म 'थैंक गॉड' में अजय अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' में भी अजय नजर आएंगे। 'सूर्यवंशी', 'RRR' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' भी अजय की आगामी फिल्मों में शुमार हैं।