Page Loader
ऐश्वर्या राय की उम्दा अदाकारी का सबूत हैं ये फिल्में, जानिए कहां देख सकते हैं आप
ऐश्वर्या राय की शानदार फिल्में

ऐश्वर्या राय की उम्दा अदाकारी का सबूत हैं ये फिल्में, जानिए कहां देख सकते हैं आप

लेखन मेघा
Nov 01, 2023
07:40 am

क्या है खबर?

ऐश्वर्या राय अपने शानदार अभिनय के साथ ही खूबसूरती के लिए भी जानी जाती हैं। अभिनेत्री ने अपने करियर में कई हिट फिल्में देकर एक खास मुकाम हासिल किया है। 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद ऐश्वर्या ने अपनी मेहनत से बॉलीवुड में शीर्ष अभिनेत्री बनने तक का सफर तय किया। मंगलुरु में जन्मीं ऐश्वर्या आज (1 नवंबर) को अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस मौके पर उनकी बेहतरीन फिल्मों पर नजर डालते हैं।

#1

'देवदास'

जब भी ऐश्वर्या की बेहतरीन फिल्मों की बात होती है सबसे पहला नाम फिल्म 'देवदास' का ही आता है। फिल्म में पारो के किरदार ऐश्वर्या की सादगी और ठहराव ने लोगों का दिल जीत लिया था। 2002 में आई इस फिल्म में शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित भी अहम भूमिका में थे, वहीं संजय लीला भंसाली ने इसके निर्देशन की कमान संभाली थी। इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो और MX प्लेयर पर देखा जा सकता है।

#2

'हम दिल दे चुके सनम'

भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' 1999 में आई थी। इस फिल्म में ऐश्वर्या के साथ सलमान खान और अजय देवगन मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में ऐश्वर्या ने नंदिनी का किरदार निभाया था, जिसे समीर (सलमान) से प्यार हो जाता है, लेकिन परिवार के कहने पर वह वनराज (अजय) से शादी करती है। इस फिल्म के लिए ऐश्वर्या ने फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब भी अपने नाम किया था। यह फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।

#3

'जोधा अकबर'

2008 में आई फिल्म 'जोधा अकबर' में ऐश्वर्या की जोड़ी ऋतिक रोशन के साथ बनी थी, जिसमें दोनों ने अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीत लिया था। फिल्म में जोधा बनीं ऐश्वर्या का अंदाज कमाल का था, वहीं ऋतिक के साथ भी उन्हें काफी पसंद किया गया था। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं। मालूम हो कि ऐश्वर्या और ऋतिक इससे पहले 'धूम 2' में भी साथ नजर आए थे।

#4

'सरबजीत'

2016 में आई यह फिल्म ऐश्वर्या की अब तक की सबसे शानदार फिल्मों में से एक है। पंजाब के रहने वाले सरबजीत की जिंदगी पर बनी इस फिल्म में ऐश्वर्या और रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में रणदीप ने सरबजीत और ऐश्वर्या ने उनकी बहन का किरदार निभाया था, जो गलती से सरहद पार कर पाकिस्तान पहुंचे अपने भाई को वापस भारत लाने की कोशिश में लगी रहती है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#5

'गुरु'

मणिरत्नम निर्देशन में बनी फिल्म 'गुरु' न सिर्फ ऐश्वर्या की शानदार फिल्म है] बल्कि इसी फिल्म से उनका और अभिषेक बच्चन का इश्क परवान पर चढ़ा था। फिल्म की कहानी एक गांव के व्यक्ति पर आधारित है, जो अपनी पत्नी के साथ 1958 में बॉम्बे (मुंबई) आ गया था। इसके बाद वह भारत का सबसे बड़ा उद्योगपति बन गया। फिल्म में अभिनेत्री का प्रदर्शन काफी बढ़िया था और आप इसका लुत्फ नेटफ्लिक्स पर उठा सकते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

ऐश्वर्या ने 1994 में मिस वर्ल्ड बनने से पहले आमिर खान और महिमा चौधरी के साथ पेप्सी का विज्ञापन किया था। उन्हें 2009 में भारत सरकार ने पद्मश्री और 2012 में फ्रांस सरकार ने ऑर्ड्रे डेस आर्ट्स एट डेस लेट्रेस पुरस्कार से सम्मानित किया था।