'डांस दीवाने जूनियर्स' के विजेता बने आदित्य पाटिल, ट्रॉफी के साथ मिले 20 लाख रुपये
क्या है खबर?
डांस पर आधारित रियलिटी शो 'डांस दीवाने जूनियर्स' को टीवी पर खूब वाहवाही मिली। काफी समय से कलर्स टीवी पर इस शो का प्रसारण हो रहा था।
रविवार की रात को इस शो का ग्रैंड फिनाले हुआ। इसमें आठ वर्षीय आदित्य पाटिल को शो का विजेता चुना गया। उन्हें ट्रॉफी के साथ-साथ 20 लाख रुपये की राशि दी गई है।
इतनी कम उम्र होने के बावजूद आदित्य ने अपनी मेहनत के बल पर यह खिताब जीता।
ट्विटर पोस्ट
कलर्स टीवी ने ट्विटर पर शेयर की जानकारी
कलर्स टीवी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर विजेता के रूप में आदित्य का ऐलान किया है। चैनल ने एक वीडियो शेयर करते हुए फैंस के बीच खुशखबरी शेयर की है।
कलर्स टीवी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'इस सीजन के विजेता बने हैं जूनियर विद क्रेजी हार्डकोर मूव्स, आदित्य पाटिल। आइए उन्हें बधाई दें।'
सोशल मीडिया पर आदित्य को ढेर सारी बधाइयां मिल रही हैं। यकीनन यह जीत उनके लिए बेहद खास है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए कलर्स टीवी का पोस्ट
Iss season ke winner bante hai the junior with crazy hardcore moves, Aditya Patil. Let's wish him congratulations👏🏼👏🏼👏🏼#DanceDeewaneJuniors@marzipestonji @kkundrra #NoraFatehi #NeetuKapoor pic.twitter.com/r9RFmq4EPt
— ColorsTV (@ColorsTV) July 17, 2022
बयान
खिताब जीतने के बाद क्या बोले आदित्य?
आदित्य ने खिताब जीतने के बाद अपना अनुभव साझा किया है।
उन्होंने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि शो का विजेता बन जाऊंगा। मेरे दादा जी का सपना था कि मैं यह शो जीतूं। मुझे खुशी है कि मैंने दादा जी का सपना पूरा किया। यह मेरे जीवन में एक सफलता की तरह होगा और मैं इसका पूरा लाभ उठाना चाहता हूं। मैं इस यात्रा को कभी नहीं भूलूंगा और हमेशा डांस के अपने जुनून को आगे बढ़ाता रहूंगा।"
जज
इन कलाकारों ने शो को किया जज
आदित्य के अलावा शो के अन्य फाइनलिस्ट प्रतीक कुमार नाइक और गीत कौर बग्गा थे। आदित्य ने हमेशा अपनी परफॉर्मेंस से प्रशंसकों को प्रभावित किया था।
शो के फिनाले में दिग्गज अभिनेता आमिर खान मेहमान बनकर पहुंचे थे।
इस शो को नीतू कपूर, नोरा फतेही और मर्जी पेस्तोनजी ने जज किया है। वहीं, टीवी अभिनेता करण कुद्रा इस शो में होस्ट की भूमिका में थे।
इस प्रकार देखा जाए तो शो के फिनाले में स्टार कलाकारों का जमघट रहा।
शुरुआत
23 अप्रैल को हुई थी शो की शुरुआत
'डांस दीवाने जूनियर्स' का यह पहला सीजन था और इसकी शुरुआत 23 अप्रैल को हुई थी। काफी कम समय में शो ने लोकप्रियता हासिल कर ली।
इस सीजन के दौरान कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर ने आदित्य को डांस की ट्रेनिंग दी थी।
टाइगर श्रॉफ से लेकर रणबीर कपूर तक आदित्य की तारीफ कर चुके हैं। आयुष्मान खुराना भी आदित्य के प्रशंसक हैं।
कहा जा रहा है कि आदित्य अब जीते हुए पैसे से अपने दादा जी के लिए घर बनाएंगे।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
कलर्स पर कई लोकप्रिय शोज का प्रसारण होता है। कुछ समय पहले कलर्स के शो 'हुनरबाज' का समापन हुआ। खबरों की मानें तो 'झलक दिखला जा 10' भी जल्द इस चैनल पर आ सकता है। 'बिग बॉस 16' का प्रसारण भी इसी चैनल पर होगा।