नहीं रहे 'शोले' के 'सूरमा भोपाली', 81 साल की उम्र में अभिनेता जगदीप का निधन

साल 2020 काल बनकर सामने आया है। खासतौर पर बॉलीवुड से हर दिन कोई न कोई बुरी खबर सुनने को मिल रही है। अब खबर आई है कि दिग्गज अभिनेता जगदीप का निधन हो गया है। वह 81 साल के थे। वह वृद्धावस्था में होने वाली समस्याओं से जूझ रहे थे और बुधवार की रात करीब 8:40 पर उन्होंने मुंबई में स्थित अपने घर में आखरी सांस ली। इंडस्ट्री में उन्हें बेहतरीन कॉमेडियन के तौर पर भी जाना जाता था।
जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। लेकिन बॉलीवुड में कदम रखने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर जगदीप कर लिया था। उन्होंने दशकों तक अपनी बेहतरीन अदाकारी का जादू दर्शकों पर चलाया है। वैसे, तो उन्होंने कई फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच खूब तारीफें बटोरीं, लेकिन फिल्म 'शोले' में निभाए उनके किरदार 'सूरमा भोपाली' को खासतौर पसंद किया गया। आज भी बहुत से लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं।
जगदीप ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी। पहली बार उन्हें वर्ष 1951 में रिलीज हुई फिल्म 'अफसाना' में देखा गया था। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों में लीड एक्टर के तौर पर भी काम किया। हालांकि, इसमें उन्हें खास सफलता हासिल नहीं हो पाई। जगदीप ने शम्मी कपूर की वर्ष 1968 में रिलीज हुई फिल्म 'ब्रह्मचारी' से कॉमेडियन के तौर पर अपना सफर शुरु किया। दर्शकों को उनका यह अंदाज काफी पसंद आया।
उनके बच्चे भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रीय है। जगदीप के बेटे जावेद जाफरी आज बॉलीवुड में उन एक ऊंचा मुकाम हासिल कर चुके हैं। वहीं, उनके दूसरे बेटे नावेद जाफरी को भी कई बार पर्दे पर देखा जा चुका है। कुछ वक्त पहले ही जगदीप के पोते मीनाज जाफरी ने फिल्म 'मलाल' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की है। जगदीप को आखिरी बार 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'गली गली चोर है' में देखा गया था।
अप्रैल से अब तक देखा जाए तो बॉलीवुड की कई बेहतरीन हस्तियां इस दुनिया को अलविदा कह गई हैं। पहले अभिनेता इरफान खान का अचानक दुनिया से जाना एक गहरा सदमा था। उनके अगले ही दिन ऋषि कपूर ने हमेशा के लिए अपनी आंखें मूंद ली। उनके बाद म्यूजिक डायरेक्टर वाजिद खान, सुशांत सिंह राजपूत, कोरियोग्राफर सरोज खान और अब जगदीप जैसी हस्तियों के जाने से फिल्म को बड़ी क्षति पहुंची है।