अभिषेक बच्चन का रिश्तों पर बड़ा बयान, बोले- शादी का मतलब पत्नी पर पाबंदी लगाना नहीं
क्या है खबर?
अभिषेक बच्चन अपने काम के साथ-साथ अपनी बेबाक और सुलझी हुई बातों के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने वैवाहिक जीवन और रिश्तों में व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर जो विचार रखे हैं, वे सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। अभिषेक ने साफ कर दिया है कि वो एक ऐसे रिश्ते के बिल्कुल खिलाफ हैं, जहां पार्टनर (पत्नी) को अपनी महत्वाकांक्षाओं या सपनों को पीछे छोड़ना पड़े।
नियम
अभिषेक बच्चन ने बताए सफल रिश्ते के नियम
अभिषेक ने अहंकार, मर्दानगी और अपनी शादीशुदा जिंदगी के उन पहलुओं पर खुलकर बात की, जिन पर अक्सर लोग खुलकर चर्चा नहीं करते। यूट्यूबर लिली सिंह के साथ बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उनका 'आत्म-सम्मान' और उनकी 'मर्दानगी' इस बात पर कतई निर्भर नहीं करती कि वो अपनी पत्नी को कितना 'छोटा' या 'कमतर' महसूस करवाते हैं। उनके मुताबिक, एक मजबूत रिश्ते की नींव आपसी सम्मान और एक-दूसरे के व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने में ही निहित है।
दो टूक
"मैं दूसरों को कुचलकर नहीं, अपनी काबिलियत से जीतना चाहता हूं"
अभिषेक ने उन पुरुषों के बारे में बात की, जो अपनी पत्नी की सफलता से असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे पुरुषों की असुरक्षा का मुख्य कारण उनका 'अहंकार' है। मेरे लिए ये सब गंभीर अहंकार से आता है। मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं, जो सिर्फ इसलिए जीतना चाहता है, क्योंकि कोई दूसरा नीचे लेट गया और उसने मुझे अपने ऊपर से चलने दिया। मुझे यही सिखाया गया है कि आपको अपनी जीत खुद हासिल करनी होती है।"
विचार
मैं वैसी शादी नहीं चाहता, जहां मेरी पत्नी को अपने सपने छोड़ने पड़ें
अभिषेक बोले, मैं 'अहंकार' शब्द का उपयोग इसलिए करता हूं, क्योंकि मैं कभी ऐसा व्यक्ति नहीं रहा, जो ये मानता हो कि किसी और को अपनी दौड़ रोकनी होगी या पीछे हटना होगा ताकि मैं वो रेस जीत सकूं। यही मेरी मानसिकता है। मैं किसी ऐसे रिश्ते या शादी में नहीं रहना चाहता, जहां मेरी पत्नी (ऐश्वर्या राय) को कुछ छोड़ना पड़े, सिर्फ इसलिए कि मुझे अपनी मर्दानगी साबित करनी है और शुक्र है मेरी पत्नी भी ऐसी ही हैं।"
तुलना
मेरी मां मेरे पिता से बड़ी स्टार थीं- अभिषेक
अभिषेक ने इस बात पर जोर दिया कि ऐश्वर्या राय के साथ उनका रिश्ता हमेशा एक साझेदारी की नींव पर टिका है। उन्होंने पारंपरिक जेंडर रोल्स (समाज द्वारा तय पुरुष और महिला की भूमिकाएं) और शादी में सफलता को लेकर अपने विचार साझा करते हुए कहा, "जब मेरे माता-पिता (अमिताभ बच्चन और जया बच्चन) की शादी हुई थी, तब मेरी मां मेरे पिता की तुलना में एक बड़ी स्टार थीं, इसलिए मेरे लिए ये कोई असामान्य बात नहीं थी।"
रिश्ता
किसे कहते हैं आदर्श शादी, अभिषेक ने बताया
अभिषेक ने बताया कि ऐश्वर्या संग उनका रिश्ता फिल्म 'ढाई अक्षर प्रेम के' के समय से ही गहरी दोस्ती के रूप में शुरू हुआ था। उनके बीच कभी घर के कामों या भूमिकाओं को लेकर कोई जड़ चर्चा या शर्त नहीं रही। अभिषेक के अनुसार, आदर्श शादी वही है, जहां दोनों साथी एक-दूसरे की उड़ान में बाधा बनने के बजाय सहारा बनें। उनके लिए जीत वही है, जो अपनी मेहनत से हासिल हो, ना कि किसी और को पीछे धकेलकर।
जानकारी
शादी से लेकर आराध्या के जन्म तक, अभिषेक-ऐश्वर्या के रिश्ते की खास बातें
अभिष्रस-ऐश्वर्या की शादी 20 अप्रैल, 2007 को मुंबई स्थित उनके आवास पर हुई थी। इस महीने की 20 तारीख को दोनों अपनी शादी की 19वीं सालगिरह मनाएंगे। शादी के 4 साल उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म मुंबई के सेवन हिल्स अस्पताल में हुआ था।