Page Loader
UPSC ने जारी किया सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम, शीर्ष 4 में सभी लड़कियां
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम घोषित

UPSC ने जारी किया सिविल सेवा परीक्षा 2022 का परिणाम, शीर्ष 4 में सभी लड़कियां

लेखन राशि
May 23, 2023
01:42 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2022 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इंटरव्यू चरण में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से जाकर परिणाम देख सकते हैं। UPSC ने परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इंटरव्यू चरण के बाद कुल 933 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इसमें सामान्य वर्ग के 345, EWS वर्ग के 99, OBC वर्ग के 263, SC वर्ग के 154, ST वर्ग के 72 उम्मीदवार शामिल हैं।

टॉपर

पहले 4 नंबर पर लड़कियां

इस बार परीक्षा में पहले 4 नंबर पर लड़कियां शामिल हैं। इशिता किशोरे ने पूरे देश में पहली रैंक हासिल की है। दूसरे नंबर पर गरिमा लोहिया, तीसरे नंबर पर उमा हाराथी और चौथे नंबर पर स्मृति मिश्रा हैं। 5वें नंबर पर मयूर हजारिका, 6वें नंबर पर गहना नव्या जेम्स, 7वें नंबर पर वसीम अहमद भट और 8वें नंबर पर अनिरुद्ध यादव हैं। 9वें कनिका गोयल और 10वें नंबर पर राहुल श्रीवास्तव हैं।

तीन

3 चरण में हुए थे इंटरव्यू

UPSC ने मुख्य लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के इंटरव्यू 3 चरणों में लिए थे। पहले चरण के इंटरव्यू 30 जनवरी से शुरू हुए थे। इसमें कुल 1,026 उम्मीदवारों ने भाग लिया था। दूसरे चरण के इंटरव्यू 13 मार्च से 21 अप्रैल तक हुए, इसमें 918 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। तीसरे चरण के इंटरव्यू 24 अप्रैल से शुरू हुए थे और 18 मई तक चले थे। अंतिम चरण में कुल 582 उम्मीदवार शामिल हुए थे।

5 जून

5 जून, 2022 को हुई थी प्रारंभिक परीक्षा

सिविल सेवा परीक्षा 2022 की प्रांरभिक लिखित परीक्षा का आयोजन 5 जून, 2022 को किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा में पास उम्मीदवारों के लिए 16 से 25 सितंबर, 2022 तक सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन हुआ था। मुख्य परीक्षा के परिणाम 6 दिसंबर, 2022 को जारी किए गए थे। इसके बाद उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। 2022 में कुल 1,011 पदों पर भर्ती आयोजित की गई थी। पहले पदों की संख्या 861 थी।

जानकारी

ऐसे देखें परिणाम

UPSC का परिणाम देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां होम पेज पर UPSC CSE मेन रिजल्ट 2022 की लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक पीडीएफ फाइल खुलेगा। इसमें उत्तीर्ण उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर दिखाई देंगे।

28

28 मई को UPSC प्रारंभिक परीक्षा 2023

UPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 का आयोजन 28 मई को होगा। परीक्षा में 2-2 घंटे के 2 पेपर रहेंगे। सामान्य अध्ययन यानि पेपर 1 की परीक्षा 9:30 से 11:30 बजे तक और CSAT यानि पेपर 2 की परीक्षा 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। प्रारंभिक परीक्षा में पास उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। 2023 सत्र की मुख्य परीक्षा 15 सितंबर से 5 दिनों के लिए आयोजित होगी।