भारत के ये पांच CA बने प्रसिद्ध आंत्रप्रेन्योर, इन कंपनियों के हैं संस्थापक
क्या है खबर?
भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) सबसे अधिक मांग वाले प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में से एक है।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल कोर्स सहित तीन स्तर का CA प्रोग्राम कराता है।
CA एक प्रतिष्ठित और सम्मानित प्रोफेशन है। देश में कुछ ऐसे चार्टर्ड अकाउंटेंट भी हैं, जो सफल और प्रसिद्ध आंत्रप्रेन्योर बन गए हैं।
हमने अपने आज के इस लेख में आंत्रप्रेन्योर बने कुछ ऐसे ही चार्टर्ड अकाउंटेंट के बारे में बताया है।
#1
राधे श्याम अग्रवाल हैं एक प्रसिद्ध आंत्रप्रेन्योर
राधे श्याम अग्रवाल देश के सबसे प्रसिद्ध आंत्रप्रेन्योर में से एक हैं। वह इमामी ग्रुप के सह संस्थापक और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं।
उन्होंने न केवल ICAI से चार्टर्ड अकाउंटेंसी किया है बल्कि इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया से कंपनी सेक्रेटरी (CS) भी किया है।
बता दें कि उन्होंने कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से स्नातक किया है और कलकत्ता विश्वविद्यालय से LLB और M.Com भी किया है।
#2
इंडिया इंफोलाइन ग्रुप के संस्थापक निर्मल जैन भी हैं CA
निर्मल जैन देश के एक अरबपति बिजनेसमैन हैं। वह मुंबई में स्थित इंडिया इंफोलाइन (IIFL) ग्रुप के संस्थापक और अध्यक्ष हैं।
वह ICAI से प्रमाणित चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय के नरसी मोनजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बैचलर ऑफ कॉमर्स यानी B.Com किया था और उसके बाद IIM अहमदाबाद से PGDM किया था।
इनका नाम भारत के सफल और प्रसिद्ध आंत्रप्रेन्योर में गिना जाता है।
# 3
सोनिया सिंघल ने लॉन्च किया CA जॉब पोर्टल
ICAI से चार्टर्ड अकाउंटेंसी करने वाली सोनिया सिंघल ने CA जॉब पोर्टल 'cajobportal.com' लॉन्च किया है।
ये भारत का पहला जॉब रिक्रूटमेंट पोर्टल, जो विशेष रूप से CA करने वालों के लिए लॉन्च किया गया है। उन्होंने साल 2013 में इसको लॉन्च किया था।
सोनिया ने अपने पति अनुराग के साथ CA जॉब पोर्टल की सह-स्थापना की।
Deloitte में एक सलाहकार (Consultant) के रूप में अपने करियर की शुरूआत करने वाली सोनिया ने ICAI से 2006-10 में CA किया था
जानकारी
मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक राजेश मागो भी हैं CA
राजेश मागो मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और CEO (भारत) हैं, जो एक प्रमुख भारतीय ऑनलाइन कंपनी है। इसका मुख्यालय गुरुग्राम में है। वह ICAI से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वह देश की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनी FlipKart.com में इंडिपेंडेंट डायरेक्टर भी हैं।
#5
ध्रुव श्रृंगी भी हैं एक आंत्रप्रेन्योर
ध्रुव श्रृंगी एक अन्य लोकप्रिय भारतीय आंत्रप्रेन्योर हैं, जो गुरुग्राम में स्थित एक अन्य प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी Yatra Online के सह-संस्थापक और चीफ एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं।
वह ICAI से एक योग्य चार्टर्ड एकाउंटेंट भी हैं। उन्होंने 1994-97 में CA कार्यक्रम किया था।
इसके साथ ही उनके पास दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) से B.Com (ऑनर्स) की डिग्री और INSEAD से MBA की डिग्री प्राप्त की है।