Page Loader
करियर संबंधी जानकारियां देने के लिए भारतीय वायुसेना ने लॉन्च की मोबाइल ऐप

करियर संबंधी जानकारियां देने के लिए भारतीय वायुसेना ने लॉन्च की मोबाइल ऐप

Aug 25, 2020
11:41 am

क्या है खबर?

ज्यादातर युवाओं का सपना भारतीय वायु सेना (IAF) में भर्ती होकर देश की रक्षा करने का होता है। इसलिए वे IAF द्वारा निकली भर्तियों के लिए आवेदन करते हैं। वहीं कुछ लोगों को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं होती है कि वे इसमें कैसे शामिल हों। अब इस समस्या का समाधान निकाल लिया गया है। सोमवार को IAF ने एक ऐप लॉन्च की है, जिसके जरिये लोगों को करियर से संबंधित सभी जानकारियां दी जाएंगी।

ऐप

MY IAF ऐप हुई लॉन्च

IAF के ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने सोमवार को एक मोबाइल एप्लिकेशन MY IAF लॉन्च की है। यह ऐप IAF में शामिल होने के इच्छुक लोगों को करियर से संबंधी जानकारी देने के लिए है। वायु सेना के प्रमुख द्वारा 'डिजिटल इंडिया' पहल के हिस्से के रूप में इसे वायु भवन में लॉन्च किया गया था।

बयान

चयन प्रक्रिया से लेकर वेतन तक की मिलेगी जानकारी- IAF

बयान में कहा गया है कि यूजर्स इसका उपयोग एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की तरह कर सकते हैं, जो यूजर्स को IAF में अधिकारियों और एयरमैन दोनों के लिए चयन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, वेतन और भत्तों आदि विवरण के बारे में जानकारी देगी। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस कंप्यूटिंग (C-DAC) के सहयोग से इसे डेवलप किया गया है। अब IAF में भर्ती होने की इच्छा रखने वाले लोगों को इससे काफी मदद मिलेगी।

जानकारी

गूगल प्ले स्टोर पर है उपलब्ध

एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह करियर संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ भारतीय वायु सेना के इतिहास और वीरता की कहानियों के बारे में बताती है।

गेमिंग ऐप

इस पहले भी लॉन्च हो चुकी एक गेमिंग ऐप

ऐसा पहली बार नहीं है जब IAF ने कोई ऐप लॉन्च की है। इससे पहले भी इसके द्वारा पिछली साल एक गेमिंग ऐप लॉन्च की गई थी। यह ऐप सर्जिकल स्ट्राइक सहित 10 अलग-अलग मिशनों पर लोगों को एक फाइटर के रुप में खेलने का अवसर देती है। इसे Indian Air Force - A Cut Above नाम दिया गया गया था। इस गेम में विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान के समान एक कैरेक्टर दिया गया है।

ट्विटर पोस्ट

ट्वीट कर दी जानकारी