गूगल ने लॉन्च की Bolo ऐप, हिंदी-अंग्रेजी सीखने में करेगी मदद, यहां से करें डाउनलोड

गूगल ने आज यानी कि 06 मार्च, 2019 (बुधवार) को एक नई ऐप लॉन्च की है। आपको बता दें कि ये ऐप प्राथमिक ग्रेड के बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी सीखने में मदद करेगी। इस ऐप का नाम 'Bolo' (बोलो) रखा गया है। इस ऐप का उद्देश्य बच्चों और शिक्षा के बीच सीखने की दूरी को कम करना है। ये ऐप भारत में Google Play Store पर उपलब्ध है। आइए जानें क्या है पूरी खबर।
गूगल इंडिया के उत्पाद (Product) मैनेजर नितिन कश्यप के अनुसार Bolo को एक रीडिंग-ट्यूटर ऐप के रूप में डिज़ाइन किया गया है, जो छात्रों को उनके पढ़ने की स्किल में सुधार करने में कहीं भी और कभी भी मदद करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को Bolo के साथ जोड़ना और प्रोत्साहित करना है, जिससे कि पढ़ने के लिए उनकी रुचि बढ़ती जाए और यह उनकी रोज़ की आदत भी बन जाए।
ये ऐप Google's Speech Recognition और Text to Speech टेक्नोलॉजी का उपयोग करती है। Google ने कहा कि उनके पायलट प्रोजेक्ट ने Bolo के साथ बहुत उत्साहजनक रिजल्ट दिए हैं। उन्होंने ASER केंद्र की मदद से उत्तर प्रदेश के 200 गाँवों में करीब 900 से अधिक बच्चों के साथ प्रयोग किया था। आपको बता दें कि Google के अनुसार इस ऐप की मदद से केवल तीन महीनों में 64% बच्चों के पढ़ने की स्किल में सुधार दिखाई दिया।
इच्छुक बच्चे Google Play Store पर जाकर इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं या वे हमारे द्वारा दी गई लिंक पर क्लिक करके भी इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप को डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें।