Page Loader
CBSE ने 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया; इसमें भी लड़कियां आगे, यहां देखें
CBSE 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी

CBSE ने 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया; इसमें भी लड़कियां आगे, यहां देखें

लेखन गजेंद्र
May 13, 2025
12:57 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मंगलवार को 2025 के 10वीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। परीक्षा परिणाम 93.66 प्रतिशत रहा, जिसमें पिछले साल के मुकाबले 0.06 प्रतिशत वृद्धि हुई। 12वीं के साथ 10वीं की परीक्षा में भी लड़कियां आगे रहीं। इस साल परीक्षा में 24.10 लाख छात्र थे। छात्र प्रवेशपत्र नंबर, अनुक्रमांक और प्रवेशपत्र पर लिखे स्कूल नंबर से आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और cbse.gov.in पर परिणाम देख सकते हैं। डिजिलॉकर और UMANG ऐप पर भी परिणाम हैं।

बाजी

लड़कों से आगे रहीं लड़कियां

10वीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत लड़कियां और 92.63 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हैं। लड़कों के मुकाबले लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 2.37 प्रतिशत ज्यादा रहा है। संस्थान वार देखें तो जवाहर नवोदय विद्यालय का उत्तीर्ण प्रतिशत सबसे अधिक 99.49 प्रतिशत, केंद्रीय विद्यालय का 99.45 प्रतिशत, स्वतंत्र छात्रों का 94.17 प्रतिशत, सरकारी विद्यालयों का 89.26 प्रतिशत और सरकारी सहायता प्राप्त का 83.96 प्रतिशत परिणाम रहा है। कुल छात्रों में 8.3 प्रतिशत छात्र 90 और 1.92 प्रतिशत छात्र 95 प्रतिशत अंक लाए हैं।

परिणाम

केरल के तिरुवनन्तपुरम ने मारी बाजी, गुवाहाटी सबसे आखिर

CBSE के क्षेत्रवार परिणाम को देखें तो केरल का तिरुवनन्तपुरम (त्रिवेन्द्रम) का परीक्षा परिणाम 99.79 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा 99.79 प्रतिशत, बेंगलुरु 98.90 प्रतिशत, चेन्नई 98.71 प्रतिशत, पुणे 96.54, अजमेर 95.44, दिल्ली पश्चिम 95.24, दिल्ली पूर्व 95.07, चंडीगढ़ 93.71, पंचकुला 92.77, भोपाल 92.71, भुवनेश्वर 92.64, पटना 91.90, देहरादून 91.60, प्रयागराज 91.01, नोएडा 89.41 प्रतिशत और गुवाहाटी का परीक्षा परिणाम 84.14 प्रतिशत रहा है। 12वीं में विजयवाड़ा सबसे आगे रहा है।

परिणाम

10वीं में 24.12 लाख परीक्षार्थी हुए थे शामिल

जानकारी के मुताबिक, कक्षा 10 के लिए करीब 24.12 लाख और कक्षा 12 के लिए करीब 17.88 लाख छात्र परीक्षा में शामिल थे। आज आए CBSE 12वीं का परीक्षा परिणाम 83.39 प्रतिशत है, जो पिछले साल से 0.41 प्रतिशत बढ़ा है। 2023 में 87.33 और 2024 में 87.98 प्रतिशत परिणाम था। 10वीं का परिणाम 2024 में 93.60 प्रतिशत था। इस साल परीक्षा 15 फरवरी से 4 अप्रैल 2025 तक हुई थी। पिछले साल परिणाम 13 मई को जारी हुए थे।

परीक्षा

12वीं का कैसा आया परिणाम?

CBSE 12वीं के परिणाम में आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा क्षेत्र आगे रहा। यहां से 99.60 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। सबसे पीछे उत्तर प्रदेश का प्रयागराज रहा, जहां 90.93 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हो सके। परीक्षा में 16 लाख परीक्षार्थी शामिल थे, जिसमें 94.65 प्रतिशत लड़कियां पास हुई, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.70 प्रतिशत रहा। परीक्षा में 1.15 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाए और 24,000 छात्र 95 प्रतिशत अंक लाए। कुल 1.29 लाख परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा देंगे।

ट्विटर पोस्ट

CBSE 10वीं का परिणाम