Page Loader
CBSE 12th Result 2019: हंसिका शुक्ला और करिश्‍मा ने किया टॉप, लड़कियों ने किया अच्छा प्रदर्शन

CBSE 12th Result 2019: हंसिका शुक्ला और करिश्‍मा ने किया टॉप, लड़कियों ने किया अच्छा प्रदर्शन

May 02, 2019
03:16 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट आज यानी 02 मई, 2019 को जारी कर दिया है। अगर आप भी इस साल हुई बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए थे, तो अपना रिजल्ट देख सकते हैं। CBSE ने रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में दो लड़कियों ने टॉप किया है। जी हां, CBSE 12वीं में हंसिका शुक्‍ला और करिश्‍मा अरोड़ा ने टॉप किया है। आइए जानें क्या रहा पास प्रतिशत।

टॉपर

499 नंबरो के साथ पहले स्थान पर हैं दो छात्राएं

CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में एक नहीं बल्कि दो लड़कियों ने एक साथ टॉप किया है। हंसिका शुक्‍ला और करिश्‍मा अरोड़ा ने 500 में से 499 नंबर हासिल करके CBSE 12वीं की परीक्षा में टॉप किया है। हंसिका, दिल्ली पुब्लिक स्कूल, मेरठ रोड गाजियाबाद की छात्रा हैं और करिश्‍मा अरोड़ा SD पब्लिक स्‍कूल, मुजफ्फरनगर की छात्रा हैं। इन लड़कियों ने ये साबित कर दिखाया कि अगर आप मेहनत करें, तो अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

टॉपर लिस्ट

दूसरे स्थान पर भी हैं तीन छात्राएं

दूसरे स्‍थान पर तीन छात्राएं ऋषिकेश की गौरंगी चावला, रायबरेली की ऐश्‍वर्या और हरियाणा के जींद की भाव्‍या हैं। CBSE ने इस साल 28 दिनों के 12वीं का रिजल्ट जारी करके एक रिकॉर्ड बनाया है। CBSE चैयरमैन ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय का रिजल्ट 93.63% और केंद्रीय विद्यालय का रिजल्ट 98.5% रहा है। अब जल्द ही 10वीं के रिजल्ट की उम्मीद की जा रही है।

पास प्रतिशत

इस साल लड़कियों ने किया लड़कों से अच्छा प्रदर्शन

इस साल CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में जहां दो लड़कियों ने टॉप किया है। वहीं अगर हम ओवर ऑल रिजल्ट की बात करें, तो उसमें भी लड़कियों ने ही बाज़ी मारी है। साल 2019 में CBSE 12वीं परीक्षा में लगभग 83.4% छात्र-छात्राओं ने परीक्षा पास की है, जिसमें लड़कियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जहां 79.4% लड़के पास हुए हैं, वहीं 83.3% लड़कियों ने परीक्षा पास की है। इस साल परीक्षा में लगभग 83.3% ट्रांसजेंडर पास हुए हैं।

जानकारी

इन क्षेत्रों में दर्ज हुआ सबसे अधिक पास प्रतिशत

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुल चार रीजन में सबसे अधिक पास प्रतिशत दर्ज किया गया है। जिसमें त्रिवेंद्रम में 98.2%, चेन्नई में 92.93%, दिल्ली में 91.87% और विदेशी स्कूल में 95.43% पास प्रतिशत दर्ज हुआ है।