LOADING...
असम में 12,600 पदों पर निकली भर्ती, 8वीं पास से लेकर स्नातक उम्मीदवार करें आवेदन
असम में 12,600 पदों पर निकली भर्ती (तस्वीरः फ्रीपिक)

असम में 12,600 पदों पर निकली भर्ती, 8वीं पास से लेकर स्नातक उम्मीदवार करें आवेदन

लेखन राशि
Nov 02, 2023
12:57 pm

क्या है खबर?

असम प्रत्यक्ष भर्ती आयोग (ADRC) ने असम के विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में ग्रेड 3 और ग्रेड 4 के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 12,600 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इस सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 29 दिसंबर तक पंजीकरण कर सकेंगे। आइए आवेदन के लिए आवश्यक योग्यता मानदंडों के बारे में जानते हैं।

पद

जानिए पदों का विवरण

भर्ती अभियान के जरिए ग्रुप 3 के 7,600 पद और ग्रुप 4 के 5,000 पद भरे जाएंगे। ग्रुप 3 में कुल 3 वर्ग हैं, इनमें पहले वर्ग में 4,055 पद, दूसरे वर्ग में 3,127 और तीसरी वर्ग में 418 पदों पर नियुक्ति होगी। ग्रुप 4 में 2 वर्ग हैं, पहले वर्ग में 1,060, दूसरे वर्ग में 1,990 और तीसरे वर्ग में 1,950 पदों पर भर्ती होगी। इस भर्ती में आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।

पात्रता

कौन कर सकेगा आवेदन?

ग्रुप 3 के पहले वर्ग में आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री और कंप्यूटर में प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। दूसरे वर्ग के लिए विज्ञान संकाय से 12वीं पास युवा आवेदन कर सकेंगे। तीसरे वर्ग के लिए 12वीं पास के साथ ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। ग्रुप 4 के पहले वर्ग के लिए 10वीं पास, दूसरे वर्ग के लिए ITI और 10वीं पास और तीसरे वर्ग के लिए 8वीं पास युवा आवेदन के पात्र हैं।

Advertisement

आयु

क्या है आयु सीमा?

आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित है। आयु की गणना 1 जनवरी, 2023 के अनुसार की जाएगी। अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 साल, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी। दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम 10 साल और पूर्व कर्मचारियों को 2 साल की छूट दी जाएगी। आयु के सत्यापन के लिए शैक्षिक अंकसूची का उपयोग किया जाएगा।

Advertisement

चयन 

क्या है चयन प्रक्रिया?

सभी पदों पर चयन के लिए प्रक्रिया अलग-अलग हैं। हालांकि, अधिकांश पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। कुछ पदों के लिए लिखित परीक्षा के बाद कौशल परीक्षण किया जाएगा। इसमें कंप्यूटर, स्टेनोग्राफी और ड्राइविंग कौशल की जांच की जाएगी। उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर मेरिट सूची तैयारी की जाएगी। अलग-अलग पदों पर वेतन और आरक्षण की जानकारी लिखित परीक्षा तारीख के साथ आधिकारिक वेबसाइट पर सूचित की जाएगी।

आवेदन

ऐसे करें आवेदन

आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, वहां अधिसूचना लिंक पर क्लिक कर सभी दिशा-निर्देश पढ़ें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में सभी शैक्षिक और व्यक्तिगत जानकारी सावधानी के साथ दर्ज करें। उम्मीदवारों को आवेदन में अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार वर्गों का चुनाव करना होगा। फॉर्म सब्मिट हो जाने पर दोबारा संशोधन का मौका नहीं दिया जाएगा। इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार के शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा।

Advertisement