Page Loader
ओडिशा में शिक्षकों के 2,064 पदों पर निकली भर्ती, तुरंत करें आवेदन
ओडिशा में शिक्षकों के 2,064 पदों पर निकली भर्ती

ओडिशा में शिक्षकों के 2,064 पदों पर निकली भर्ती, तुरंत करें आवेदन

लेखन राशि
Jan 08, 2024
03:26 pm

क्या है खबर?

ओडिशा कर्मचारी चयन बोर्ड (SSB) ने शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज (8 जनवरी) से शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत ओडिशा में गैर सरकारी पूर्ण सहायता प्राप्त हाई स्कूलों में 2,064 रिक्त पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 7 फरवरी रात 11:45 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आइए आवेदन के लिए आवश्यक योग्यता मानदंड और चयन प्रक्रिया के बारे में जानते हैं।

पद

जानें पद विवरण

आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, कला संकाय के लिए प्रशिक्षित स्नातक शिक्षकों के 912 पद भरे जाएंगे। शास्त्रीय शिक्षकों के 317 पद, शारीरिक शिक्षा शिक्षक के 249, PCM शिक्षक (गणित, रसायन विज्ञान और भौतिकी) के 202 पद भरे जाएंगे। 194 पदों पर हिंदी शिक्षकों और 187 पदों पर CBZ शिक्षक (बॉटनी, जूलॉजी, बायोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी) की नियुक्ति होगी। कुल 698 पद अनारक्षित हैं, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 567 और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 799 पद आरक्षित हैं।

पात्रता

कौन कर सकता है आवेदन?

सभी पदों के लिए शैक्षिक योग्यता अलग-अलग है। अधिकांश विषयों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री और BEd होना जरूरी है। 4 वर्षीय BA/BSc BEd डिग्रीधारी भी आवेदन के पात्र हैं। कुछ पदों के लिए संबंधित विषयों में सर्टिफिकेट भी मांगे गए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से विस्तृत शैक्षिक योग्यता देख सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 38 साल है। आयु की गणना 1 जनवरी, 2024 के अनुसार होगी।

चयन

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। इसमें 150 अंक के वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा पेपर पेन मोड में आयोजित होगी। सभी परीक्षाओं का विस्तृत पाठ्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। शारीरिक शिक्षा शिक्षक पद पर चयनित उम्मीदवारों को 29,200 रुपये प्रतिमाह और अन्य शिक्षक पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

आवेदन

कैसे करें आवेदन?

आवेदन के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां होम पेज पर अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। सभी दिशा-निर्देश पढ़ने के बाद आवेदन पत्र खोलें। इसमें सभी शैक्षिक और व्यक्तिगत जानकारियां सावधानी के साथ दर्ज करें। इसके बाद 10वीं, 12वीं की अंकसूची, स्नातक और अन्य शैक्षिक प्रमाणपत्रों की अंकसूची, पहचानपत्र, जाति प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेजों की स्कैन प्रति अपलोड कर पत्र सब्मिट करें। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को 500 रुपये और SC/ST उम्मीदवारों को 200 रुपये शुल्क देना होगा।