Page Loader
जेस्टमनी 20 प्रतिशत कर्मचारियों की करेगी छंटनी, इतने लोगों की जा सकती है नौकरी
जेस्टमनी में लगभग 450 कर्मचारी काम करते हैं

जेस्टमनी 20 प्रतिशत कर्मचारियों की करेगी छंटनी, इतने लोगों की जा सकती है नौकरी

Apr 07, 2023
02:15 pm

क्या है खबर?

गोल्डमैन सैश द्वारा समर्थित जेस्टमनी अपने कुल कार्यबल से 20 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करेगी। इस छंटनी से लगभग 100 कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है। जेस्टमनी के संस्थापकों और शीर्ष नेतृत्व टीम ने कर्मचारियों को छंटनी की सूचना देने के लिए 6 अप्रैल को एक टाउनहॉल का आयोजन किया था। इसमें कर्मचारियों को बताया गया कि कंपनी में 450 कर्मचारी हैं और इस छंटनी में सभी विभागों के कर्मचारी प्रभावित होंगे।

पैकेज

प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज देगी कंपनी

जेस्टमनी के एक कर्मचारी ने मनीकंट्रोल को बताया कि कंपनी व्यापार निरंतरता योजना के हिस्से के रूप में कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। कंपनी ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज, बीमा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता जैसे अन्य सभी लाभों के रूप में 1 महीने का वेतन देने का भी वादा किया है। बता दें, जेस्टमनी ने छंटनी का फैसला फोनपे के साथ बिक्री डील विफल होने के ठीक एक सप्ताह बाद लिया है।