Page Loader
विन्धम की भारत में 50 से ज्यादा होटल खोलने की योजना, कर रही यह तैयारी 
विन्धम भारत में 50 से ज्यादा और होटल खोलेगी (तस्वीर: एक्स/@BitcoinMagazine)

विन्धम की भारत में 50 से ज्यादा होटल खोलने की योजना, कर रही यह तैयारी 

Jul 13, 2025
05:58 pm

क्या है खबर?

विश्व की सबसे बड़ी होटल फ्रेंचाइजर विन्धम होटल्स एंड रिसॉर्ट्स भारत में 50 से अधिक होटल खोलने की योजना बना रही है। कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने बताया वह देश में और अधिक ब्रांड लाने के साथ मौजूदा पोर्टफोलियो के विस्तार की तैयारी कर रही है। फिलहाल, रमाडा भारत में विन्धम का सबसे लोकप्रिय ब्रांड है और यहां 70 से अधिक होटल संचालित हैं। कंपनी भारत को अपने सबसे बड़े बाजारों में से एक मानती है।

बयान 

कंपनी अधिकारियों ने क्या कहा?

PTI के साथ साक्षात्कार में विन्धम के यूरोप, मध्य पूर्व, यूरेशिया और अफ्रीका के अध्यक्ष दिमित्रिस मानिकिस और यूरेशिया के प्रबंध निदेशक राहुल मैकरियस ने भारत के लिए विस्तार योजना बताई। राहुल मैकरियस ने कहा, "हमारे पास 70 से अधिक होटल हैं और बहुत जल्द हम 100 से अधिक हो जाएंगे। हमारे पास पाइपलाइन में 50 से अधिक होटल हैं और यह संख्या बढ़ रही है।" दिमित्रिस ने कहा, "हम और ब्रांड लाएंगे, साथ ही मौजूदा ब्रांड और भी बढ़ेंगे।"

सुझाव 

शीर्ष पर्यटक स्थल बनाने के लिए दिए ये सुझाव 

मानिकिस ने वैश्विक स्तर पर एक शीर्ष पर्यटन स्थल के रूप में उभरने की भारत की अपार संभावनाओं पर जोर दिया। इसके लिए उन्होंने देश का बेहतर प्रचार-प्रसार करने, अधिक सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने और विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए परेशानी मुक्त वीजा प्रक्रिया की आवश्यकता बताई। कंपनी ने हाल ही में ला क्विंटा बाय विन्धम और रजिस्ट्री कलेक्शन होटल्स को भारत में लॉन्च करने के लिए सिग्नेट होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ साझेदारी की है।