Loading...
IPO से पहले क्या महंगे होंगे जियो के रिचार्ज प्लान? आकाश अंबानी ने दिया जवाब
रिलायंस जियो जल्द ही शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है

IPO से पहले क्या महंगे होंगे जियो के रिचार्ज प्लान? आकाश अंबानी ने दिया जवाब

Oct 16, 2026
09:16 am

क्या है खबर?

रिलायंस जियो जल्द ही शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी 21 अक्टूबर को अपना IPO लॉन्च करने वाली है। इस बीच मोबाइल रिचार्ज की कीमतों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या जियो आने वाले समय में टैरिफ बढ़ाएगा। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने इस बारे में कहा है कि जियो के पास कीमतें बढ़ाने का विकल्प मौजूद है, लेकिन कंपनी की कमाई बढ़ाने की रणनीति सिर्फ टैरिफ पर निर्भर नहीं है।

रणनीति

कमाई बढ़ाने पर अलग रणनीति

अंबानी ने कहा कि जियो के पास मोबाइल टैरिफ बढ़ाने का विकल्प हमेशा मौजूद है, लेकिन कंपनी की कमाई बढ़ाने का मुख्य तरीका डाटा की कीमतें बढ़ाना नहीं है।

जियो ज्यादा सेवाएं और सुविधाएं देकर ग्राहकों से अतिरिक्त कमाई करना चाहता है। उन्होंने टैरिफ बढ़ाने को लेकर कोई समयसीमा नहीं बताई।

उनके मुताबिक, कंपनी मोबाइल कनेक्टिविटी के साथ दूसरी डिजिटल सेवाओं का विस्तार करके भी अपना कारोबार और आमदनी बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।

पैसा

1GB डाटा के लिए कितना पैसा लेता है जियो?

अंबानी के मुताबिक, जियो अपने ग्राहकों से 1GB डाटा के लिए औसतन 4.9 रुपये लेता है, जबकि दूरसंचार उद्योग में यह औसत करीब 7.5 रुपये है।

जियो के ग्राहक हर महीने औसतन 43.7GB डाटा इस्तेमाल करते हैं। कंपनी के पास जून के अंत तक 53.33 करोड़ ग्राहक थे, जिनमें 28.49 करोड़ पांचवीं पीढ़ी यानी 5G सेवा इस्तेमाल कर रहे थे।

कंपनी की प्रति ग्राहक मासिक औसत कमाई 215.6 रुपये थी।

ADVERTISEMENT

तैयारी

दूसरी सेवाओं से कमाई बढ़ाने की तैयारी

जियो मोबाइल सेवाओं के अलावा घरों में ब्रॉडबैंड कनेक्शन, कारोबारियों के लिए डिजिटल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी विस्तार करना चाहता है।

कंपनी के पास 2.86 करोड़ फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहक थे। वहीं, जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसके लिए प्रति शेयर कीमत 1,065 से 1,119 रुपये तय की गई है।

ऊपरी कीमत पर कंपनी करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है।

ADVERTISEMENT