Loading...
एक्सेंचर चीन में अपना कारोबार बेचने पर क्यों कर रही विचार?
एक्सेंचर चीन में कारोबार बेचने पर कर रही विचार

एक्सेंचर चीन में अपना कारोबार बेचने पर क्यों कर रही विचार?

Oct 19, 2026
09:07 am

क्या है खबर?

दिग्गज IT और कंसल्टिंग कंपनी एक्सेंचर चीन में अपना कारोबार बेचने पर विचार कर रही है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सौदे में चीन, हांगकांग और ताइवान में फैले उसके कारोबार की कीमत 1.5 अरब डॉलर (लगभग 140 अरब रुपये) तक हो सकती है। इसके लिए कंपनी ने जेपी मॉर्गन की मदद ली है। हालांकि, अभी बिक्री पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और यह तय नहीं है कि सौदा होगा या नहीं।

वजह

कंपनी कारोबार बेचने पर क्यों कर रही विचार?

एक्सेंचर अपने चीन के कारोबार को बेचकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में AI सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ेगी।

ऐसे में वह चीन के कारोबार से पैसा निकालकर AI से जुड़ी कंपनियों को खरीदने, ग्राहकों को कम कीमत पर सेवाएं देने और नई तकनीक में निवेश करने की योजना बना सकती है।

चीन में सख्त डाटा नियमों के कारण कारोबार चलाना भी मुश्किल हो गया है।

विकल्प

संभावित खरीदारों के विकल्प तलाश रही कंपनी

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सेंचर ने अपने चीन के कारोबार के लिए संभावित खरीदार तलाशने की जिम्मेदारी जेपी मॉर्गन को दी है।

निजी निवेश कंपनियां और दूसरी बड़ी कंपनियां इसे खरीदने में दिलचस्पी दिखा सकती हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सौदा होने पर एक्सेंचर अपने ग्राहकों को सेवाएं जारी रखने के लिए कारोबार में कुछ हिस्सेदारी रख सकती है।

हालांकि, कंपनी और जेपी मॉर्गन ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

ADVERTISEMENT

कठिनाई

चीन में कारोबार करना हुआ मुश्किल

चीन में सख्त डाटा सुरक्षा नियमों और सरकारी पाबंदियों के कारण विदेशी कंपनियों के लिए काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

एक्सेंचर दुनिया के 120 से ज्यादा क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी ने अगस्त में समाप्त वित्त वर्ष में 74.2 अरब डॉलर का वैश्विक राजस्व दर्ज किया था।

एक्सेंचर ने अगले 2 वर्षों में धीमी राजस्व वृद्धि का अनुमान जताया है, जबकि दशक के अंत तक AI सेवाओं की मांग बढ़ने से कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENT