एलन मस्क की संपत्ति में एक दिन में क्यों आई करीब 2,000 अरब रुपये की गिरावट?
क्या है खबर?
खरबपति एलन मस्क की संपत्ति में बुधवार को 21 अरब डॉलर (लगभग 2,020 अरब रुपये) से ज्यादा की कमी आई। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 1.03 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 99 लाख करोड़ रुपये) है। गिरावट के बावजूद मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी संपत्ति में यह कमी स्पेस-X और टेस्ला के शेयरों में कमजोरी के बीच आई। खास बात यह है कि 2 दिन पहले ही मस्क फिर खरबपति बने थे।
वजह
स्पेस-X के शेयर क्यों गिरे?
मस्क की दौलत घटने की बड़ी वजह स्पेस-X के शेयरों में आई गिरावट रही।
रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी एनवीडिया की AI चिप्स खरीदने और AI ढांचे पर खर्च बढ़ाने के लिए 40 अरब डॉलर तक की निवेश जुटाने की तैयारी कर रही है।
इसमें करीब 10 अरब डॉलर का बैंक लोन और 30 अरब डॉलर का कर्ज शामिल हो सकता है। खबर के बाद स्पेस-X के शेयर 2 फीसदी गिरकर 168.86 डॉलर पर आ गए।
असर
कर्ज बाजार पर भी दिखा असर
निवेश जुटाने की खबर का असर स्पेस-X के कर्ज बाजार पर भी पड़ा है।
कंपनी के 5 साल के क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप की लागत बुधवार को करीब 197.6 अंक तक पहुंच गई, जबकि जून में यह लगभग 110 अंक थी। स्पेस-X ने जून में IPO से करीब 85.7 अरब डॉलर जुटाए थे।
इसके बाद कंपनी ने 25 अरब डॉलर के सीनियर नोट्स जारी किए। नए निवेश से कंपनी का कर्ज और बढ़ सकता है।
खर्च
AI पर बढ़ रहा खर्च
स्पेस-X AI के लिए जरूरी चिप ढांचे पर खर्च बढ़ा रही है।
मस्क ने कहा है कि कंपनी ने अपने AI सिस्टम के लिए एनवीडिया की वेरा रुबिन तकनीक चुनी है। बड़ी टेक कंपनियां भी AI के लिए कर्ज जुटा रही हैं। बुधवार की गिरावट के बावजूद मस्क की संपत्ति 1 लाख करोड़ डॉलर से ऊपर बनी हुई है।
सोमवार को स्पेस-X और टेस्ला के शेयर चढ़े थे, जिससे उनकी दौलत 30.6 अरब डॉलर बढ़ी थी।