शेयर बाजार में बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही गिरावट?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (19 अक्टूबर) बैंक क्षेत्र के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार सुबह कारोबार के दौरान निफ्टी बैंक सूचकांक करीब 1 प्रतिशत नीचे आ गया। एक्सिस बैंक के शेयरों में 5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि HDFC बैंक और ICICI बैंक के शेयर भी नीचे आए। कोटक महिंद्रा बैंक और यस बैंक के शेयरों में भी कमजोरी रही। बैंकिंग शेयरों में इस गिरावट के पीछे कई वजहें हैं।
#1
तिमाही नतीजों से निवेशकों को नहीं मिला पूरा भरोसा
बड़े निजी बैंकों के तिमाही नतीजे आने के बाद आज उनके शेयरों में गिरावट बढ़ी है।
HDFC बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर करीब 5 प्रतिशत बढ़कर 19,510 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ICICI बैंक का मुनाफा 20.1 प्रतिशत बढ़कर 14,843 करोड़ रुपये पहुंचा।
एक्सिस बैंक के मुनाफे में 37.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 7,003 करोड़ रुपये रहा। इसके बावजूद बाजार में इन नतीजों को लेकर उत्साह नहीं दिखा है।
#2
ज्यादा उम्मीदें और कच्चे तेल की महंगी कीमतें भी वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेशकों को बैंकों के नतीजों से ज्यादा उम्मीदें थीं, लेकिन कुछ नतीजे मिले-जुले रहे।
इससे बाजार में निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें 106 से 107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई हैं। अगर कीमतें 110 डॉलर के पार जाती हैं, तो इनके 115 डॉलर तक पहुंचने की आशंका है।
बाजार में आगे और गिरावट आने पर निजी बैंकों के शेयर भी प्रभावित हो सकते हैं।
#3
सरकारी बैंकों का प्रदर्शन बेहतर
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी बैंकों का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से बेहतर रहा है।
वैश्विक बॉन्ड पर मिलने वाले ब्याज में बदलाव से उन्हें कुछ राहत मिली है। दूसरी ओर, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से बाजार पर दबाव बना हुआ है।
कुछ विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेशक मौजूदा भाव पर निजी बैंकों के शेयर धीरे-धीरे खरीदने पर विचार कर सकते हैं। HDFC बैंक को भी खरीदारी के लिए बेहतर विकल्प बताया गया है।