LOADING...
कौन हैं टाटा डिजिटल के नए CEO साजिथ शिवनंदन? जानिए कैसा रहा है करियर 
टाटा डिजिटल ने साजिथ शिवनंदन को नया CEO नियुक्त किया गया है

कौन हैं टाटा डिजिटल के नए CEO साजिथ शिवनंदन? जानिए कैसा रहा है करियर 

Aug 25, 2025
12:09 pm

क्या है खबर?

टाटा डिजिटल ने जियो मोबाइल डिजिटल सर्विसेज के अध्यक्ष साजिथ शिवनंदन को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह 1 सितंबर से टाटा संस के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स और सर्विस शाखा का शीर्ष पद संभालेंगे। उनकी नियुक्ति इस साल मई में नवीन तहिलयानी के पद से हटने के बाद हुई है। उन्हें विभिन्न कंपनियों में 25 सालों का अनुभव है। आइये जानते हैं शिवनंदन का अभी तक का करियर कैसा रहा है।

शिक्ष 

शिवनंदन कहां-कहां पूरी की अपनी शिक्षा?

शिवनंदन की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के सेंट कोलंबा स्कूल से पूरी की थी। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से इतिहास में कला स्नातक (ऑनर्स) की डिग्री और नई दिल्ली के फोर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से वित्त में बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री भी हासिल की है।

करियर 

कहां से हुई करियर की शुरुआत?

1996 में भारत में स्टार टीवी शुरुआत करने वाले शिवनंदन ने चैनल वी के उत्तर भारत के बाजार का प्रबंधन किया। इसके बाद उन्होंने गूगल में शामिल होने से पहले गैलप ऑर्गनाइजेशन और एफल UK लिमिटेड जैसे संगठनों के लिए काम किया, जहां उन्होंने डिजिटल मीडिया में एनालिटिक्स और रणनीति का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने गूगल में लगभग 15 साल गूगल पे और नेक्स्ट बिलियन यूजर इनिशिएटिव्स (APAC क्षेत्र) के प्रबंध निदेशक और व्यवसाय प्रमुख के रूप में बिताए।

चुनौतियां 

शिवनंदन के सामने होंगी ये चुनौतियां

गूगल छोड़ने के बाद अक्टूबर, 2022 में उन्होंने डिज्नी प्लस हॉटस्टार (अब जियो हॉटस्टार) में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर काम किया। इसके बाद उन्होंने जियो मोबाइल डिजिटल सर्विसेज के अध्यक्ष नियुक्त किए गए। अब टाटा डिजिटल में CEO की भूमिका में दिखेंगे, लेकिन उनका काम बेहद कठिन है। उन्हें कंपनी को अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ-साथ क्विक कॉमर्स कंपनियों जेप्टो, ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट से बेहतर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना होगा।