Page Loader
कौन हैं प्रिया नायर, जो हिंदुस्तान यूनिलीवर की पहली महिला CEO बनीं?
प्रिया नायर को HUL का नया CEO और MD नियुक्त किया गया है

कौन हैं प्रिया नायर, जो हिंदुस्तान यूनिलीवर की पहली महिला CEO बनीं?

Jul 11, 2025
04:50 pm

क्या है खबर?

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने प्रिया नायर को नया CEO और MD नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 1 अगस्त से लागू होगी। वह भारत की सबसे बड़ी FMCG कंपनी की पहली महिला प्रमुख बनेंगी। अभी वह यूनिलीवर में ब्यूटी एंड वेलबीइंग विभाग की प्रमुख हैं। वह रोहित जावा की जगह लेंगी, जो 31 जुलाई को पद छोड़ रहे हैं। HUL के अनुसार नायर भारतीय बाजार को अच्छी तरह समझती हैं और उनका ट्रैक रिकॉर्ड भी शानदार है।

परिचय

कौन हैं प्रिया नायर?

नायर का जन्म कोल्हापुर में मलयाली परिवार में हुआ और पालन-पोषण मुंबई में हुआ। उन्होंने सिडेनहैम कॉलेज से बी.कॉम किया और सिम्बायोसिस से MBA किया। 1995 में HUL में कंज्यूमर इनसाइट मैनेजर के रूप में करियर शुरू किया और बाद में वह डव और रिन जैसे ब्रांडों की ब्रांड मैनेजर बनीं। धीरे-धीरे वह कंपनी में ऊंचे पदों पर पहुंचीं और होम केयर व ब्यूटी से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालती रहीं। उन्होंने हार्वर्ड से भी मैनेजमेंट कोर्स किया।

करियर

दुनियाभर में ब्यूटी पोर्टफोलियो की रही जिम्मेदारी

2023 में उन्हें यूनिलीवर में ब्यूटी एंड वेलबीइंग विभाग की अध्यक्ष बनाया गया। वहां उन्होंने हेयर, स्किन और हेल्थ जैसे 1.08 लाख करोड़ रुपये के वैश्विक पोर्टफोलियो की देखरेख की। उन्होंने कई बोर्ड में काम किया है और MMA इंडिया जैसे मंचों की भी अगुवाई की है। वह ASCI की बोर्ड सदस्य भी रही हैं। इस समय वह लंदन में रहती हैं और शादीशुदा हैं। एक बेटी की मां नायर को रणनीतिक नेतृत्व और नवाचार में माहिर माना जाता है।