Page Loader
मंदी की आशंका से अमेरिकी शेयर बाजार में हड़कंप, दिग्गज कंपनियों के शेयर लुढ़के 
अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है (तस्वीर: फ्रीपिक)

मंदी की आशंका से अमेरिकी शेयर बाजार में हड़कंप, दिग्गज कंपनियों के शेयर लुढ़के 

Mar 11, 2025
10:03 am

क्या है खबर?

अमेरिका में बिकवाली के बाद दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गई। इससे निवेशकों में घबराहट बढ़ गई। टेक इंडेक्स नेसडेक में 4 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली, जो 2020 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। इस भारी बिकवाली के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मंदी को लेकर दिया बयान है, जिसमें उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था 'संक्रमण के दौर' में है। इससे निवेशकों को नुकसान का भय सता रहा है।

गिरावट 

इन कंपनियों के शेयर गिरे

इस बिकवाली में टेक शेयरों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। गूगल, अमेजन, ऐपल, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, एनविडिया और टेस्ला जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। एलन मस्क की टेस्ला के शेयर 15.4 फीसदी तक गिर गए, जबकि एनविडिया के शेयर में 5 फीसदी की गिरावट देखी गई है। अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट का असर क्रिप्टोकरेंसी पर भी पड़ा है। बिटकॉइन की कीमत सोमवार को 78,000 डॉलर (करीब 67 लाख रुपये) तक गिर गई।

कारण 

इस कारण बढ़ी निवेशकों की चिंता 

S&P 500 में सोमवार को 2.7 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली, जो सितंबर, 2024 के बाद से इसका सबसे निचला समापन स्तर है। दूसरी तरफ, डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 2 प्रतिशत गिर गया, जो 4 नवंबर, 2024 के बाद से इसका सबसे निचला समापन स्तर था। जानकारों का मानना है कि बाजार में गिरावट की मुख्य वजह निवेशकों की चिंता है, जो ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी और मंदी की संभावनाओं को लेकर असमंजस में हैं।