दिग्गज कंपनियां हर कर्मचारी के लिए AI पर खर्च कर रही औसतन 7 लाख रुपये- रिपोर्ट
क्या है खबर?
कंपनियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का खर्च बढ़ता जा रहा है और हर कर्मचारी पर इसकी लागत लाखों रुपये में पहुंच गई है। Ramp के AI इंडेक्स के अनुसार, पिछले महीने अमेरिका की दिग्गज एक फीसदी कंपनियां AI पर हर कर्मचारी के लिए औसतन 7,400 डॉलर (लगभग 7 लाख रुपये) खर्च कर रही थीं। हाल के महीनों में इस आंकड़े में तेजी से बढ़ोतरी हुई। जनवरी में यह खर्च 2,590 डॉलर (लगभग 2.5 लाख रुपये) के आस-पास था।
लागत
AI उपयोग की बढ़ गई लागत
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब AI की लागत लगातार बढ़ रही है क्योंकि एंथ्रोपिक और OpenAI जैसी कंपनियों ने 'पर-टोकन' मॉडल अपना लिया है।
इसमें AI लैब्स कंपनियों से इस्तेमाल किए गए टोकन के आधार पर पैसे लेती हैं। इसमें आप AI टूल का जितना ज्यादा इस्तेमाल करेंगे, उतने ही ज्यादा टोकन खर्च होंगे।
हालांकि, कुछ कंपनियों ने लागत को काबू में रखने के लिए AI के बहुत ज्यादा इस्तेमाल पर रोक लगाना शुरू कर दिया है।
उपयोग
कौनसी कंपनी कर रही सबसे ज्यादा उपयोग?
रिपोर्ट के अनुसार, AI पर होने वाला खर्च कंपनियों के हिसाब से काफी अलग-अलग होता है।
जहां शीर्ष एक प्रतिशत कंपनियां प्रति कर्मचारी 7,400 डॉलर खर्च कर रही हैं, वहीं शीर्ष 10 प्रतिशत 650 डॉलर (लगभग 62,000 रुपये) खर्च कर रही थीं। कुल मिलाकर प्रति कर्मचारी औसत खर्च 11.95 डॉलर (लगभग 1,140 रुपये) था।
रिपोर्ट के अनुसार, बिजनेस के लिए AI अपनाने में एंथ्रोपिक 43.5 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, जबकि OpenAI (39.7 प्रतिशत) दूसरे नंबर पर है।