Page Loader
सैमसंग के करीब 6,500 कर्मचारी हड़ताल पर गए, वेतन बढ़ाने की कर रहे मांग
सैमसंग के हजारों कर्मचारी 3 दिनों के लिए हड़ताल पर गए (तस्वीर: अनस्प्लैश)

सैमसंग के करीब 6,500 कर्मचारी हड़ताल पर गए, वेतन बढ़ाने की कर रहे मांग

Jul 08, 2024
04:48 pm

क्या है खबर?

दक्षिण कोरियाई टेक दिग्गज कंपनी सैमसंग के हजारों कर्मचारी 3 दिनों के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। फाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार, वेतन और शर्तों को लेकर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में काम करने वाले करीब 6,500 कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं। मांगें पूरी न होने पर कर्मचारी अगले हफ्ते 5 दिन की हड़ताल की धमकी दे रहे हैं। बता दें, 2020 में कंपनी ने नो-यूनियन नीति को समाप्त कर दिया था, जिसके बाद इसके यूनियन सदस्यों में वृद्धि हुई है।

मांग

क्या है कर्मचारियों की मांग?

हड़ताल पर गए कर्मचारियों की मांग है कि उनके वेतन में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हो। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने का मामला कंपनी द्वारा ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 15 गुना वृद्धि की रिपोर्ट करने के कुछ ही दिनों बाद आया है। मई में इन्हीं मांगों को लेकर नेशनल सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स यूनियन नामक कर्मचारियों के एक संगठन ने हड़ताल का आह्वाहन किया था। उस समय कंपनी ने कहा था कि वह मांग को लेकर यूनियन के साथ बातचीत कर रही है।

बातचीत

साल की शुरुआत से ही चल रही बातचीत

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का प्रबंधन इस साल की शुरुआत से ही वेतन को लेकर यूनियन के साथ बातचीत कर रहा है, लेकिन दोनों पक्ष अब तक कोई समझौता करने में विफल रहे हैं। यूनियन ने मई में ही कंपनी को चेतावनी दी थी कि अगर कर्मचारियों की मांग नहीं मानी जाएगी तो बड़े स्तर पर कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। नेशनल सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स यूनियन में करीब 28,000 सदस्य हैं, जो कंपनी के कुल कर्मचारियों के पांचवें हिस्से से अधिक हैं।