
स्विगी को महाराष्ट्र में मिला 7.6 करोड़ रुपए का नोटिस, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी को पुणे के व्यावसायिक कर विभाग से 7.6 करोड़ रुपए बकाया के लिए नया नोटिस मिला है। यह जानकारी कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में दी है।
यह नया नोटिस कर्मचारियों के वेतन से व्यावसायिक कर की कटौती से संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन से संबंधित है।
इसके साथ ही देशभर में विभिन्न प्रत्यक्ष कर प्राधिकरणों द्वारा स्विगी को पिछले एक महीने में जारी किए गए कई नोटिस की कुल राशि लगभग 167 करोड़ रुपए हो गई है।
जवाब
नोटिस के खिलाफ कंपनी करेगी अपील
स्विगी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि वह व्यावसायिक कर विभाग द्वारा उठाए गए मूल्यांकन आदेश के खिलाफ अपील करेगी।
कंपनी का मानना है कि उसके पास आदेश के खिलाफ मजबूत तर्क हैं और वह समीक्षा/अपील के जरिए अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
नोटिस के अनुसार कंपनी पर 7.6 करोड़ रुपए बकाया व्यावसायिक कर है, जो महाराष्ट्र में लागू है और यह वित्तीय वर्ष 2022 की अवधि के लिए है।
नोटिस
इससे पहले भी कंपनी को मिल चुका है नोटिस
इसके अलावा अधिकारियों ने कंपनी द्वारा 327 करोड़ रुपये से अधिक की अवैतनिक वस्तु एवं सेवा कर (GST) राशि को भी चिह्नित किया है, जो नवंबर, 2024 में सार्वजनिक होगी।
इससे पहले 1 अप्रैल को स्विगी को अप्रैल, 2021 से मार्च, 2022 के बीच की अवधि के लिए 158 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त कर मांग के साथ एक मूल्यांकन आदेश प्राप्त हुआ था।
यह आदेश आयकर उपायुक्त, सेंट्रल सर्कल 1 (1), बेंगलुरु द्वारा जारी किया गया।