Page Loader
शेयर बाजार: 1996 के बाद लंबी गिरावट की ओर निफ्टी 50, इस महीने 4 प्रतिशत लुढ़का
लंबी गिरावट की ओर निफ्टी 50

शेयर बाजार: 1996 के बाद लंबी गिरावट की ओर निफ्टी 50, इस महीने 4 प्रतिशत लुढ़का

Feb 24, 2025
05:01 pm

क्या है खबर?

शेयर बाजार में निफ्टी 50 लगातार 5 महीनों की गिरावट की ओर बढ़ रहा है। ऐसा 28 साल में दूसरी बार हुआ है और इससे पहले 1996 में ऐसा देखा गया था। फरवरी में अब तक निफ्टी 50 और सेंसेक्स में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे वे 27 सितंबर, 2024 के शिखर से क्रमशः 13.8 प्रतिशत और 12.98 प्रतिशत नीचे आ गए हैं। कमजोर आय, निवेशकों की निकासी और आर्थिक अनिश्चितताओं ने बाजार को कमजोर किया है।

जोखिम

बाजार पर मिला-जुला नजरिया, जोखिम बरकरार 

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने ऊंचे मूल्यांकन, आय में गिरावट और वैश्विक ब्याज दरों में बढ़ोतरी को जोखिम बताया है, जिससे बाजार की दिशा अनिश्चित बनी हुई है। दूसरी ओर, सिटीग्रुप ने भारतीय इक्विटी को न्यूट्रल से ओवरवेट कर दिया है, यह मानते हुए कि भारत तुलनात्मक रूप से बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। हालांकि, कमजोर आय और विकास पूर्वानुमानों के चलते आसियान इक्विटी को डाउनग्रेड किया गया है।

वैश्विक बाजार

वैश्विक बाजारों में गिरावट से चिंता बढ़ी

अमेरिकी बाजारों में शुक्रवार को तेज गिरावट देखी गई, जहां कमजोर आर्थिक आंकड़ों और बढ़ती महंगाई ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें कम करने की उम्मीदें भी कमजोर हो गईं। इसके अलावा, चीन में कोविड-19 पर आई एक नई रिपोर्ट के बाद वैक्सीन कंपनियों के शेयरों में हलचल देखी गई। इसने महामारी से जुड़े नए खतरे को लेकर चर्चा तेज कर दी, जिससे बाजार में और अनिश्चितता बढ़ गई।