
शेयर बाजार आज भी बड़ी गिरावट के साथ बंद, सेंसेक्स 572 अंक टूटा
क्या है खबर?
शेयर बाजार में आज (28 जुलाई) सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। आज सेंसेक्स 572 अंक की गिरावट के साथ 80,091.02 अंकों के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 156 अंक फिसलकर 24,680.90 अंकों के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में भी पूरे दिन उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। निफ्टी मिडकैप 50 मार्केट बंद होने तक 80 अंक की गिरावट के साथ 16,254.45 अंक पर बंद हुआ।
गेनर्स लूजर्स
ये शेयर रहे टॉप गेनर्स और लूजर्स
टॉप गेनर्स में आज लुरुस लैब्स, मफासिस और अडाणी ग्रीन एनर्जी ने क्रमशः 6.15 फीसदी, 3.30 फीसदी और 2.87 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। श्रीराम फाइनेंस और अंबर इंटरप्राइजेज के शेयरों में भी क्रमशः 2.86 फीसदी और 2.64 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई। कोटक महिंद्रा, लोढ़ा डेवलपर्स, SBI कार्ड्स, CDSL और गोदरेज प्रॉपर्टीज क्रमशः 7.44 फीसदी, 5.96 फीसदी, 5.79 फीसदी, 5.69 फीसदी और 5.28 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहे।
वजह
क्या है गिरावट की वजहें?
शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। विदेशी निवेशकों द्वारा भारी बिकवाली की जा रही है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा, कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों ने निवेशकों का भरोसा घटाया है। वैश्विक अनिश्चितता और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संदेह भी बढ़ा है। इसके साथ ही, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेज बिकवाली दिख रही है। इन सभी कारणों से बाजार में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
कीमत
सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट
भारतीय सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में आज गिरावट देखने को मिली है। आज 24 कैरेट सोना सस्ता होकर 98,375 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है और चांदी की बात करें तो यह 1.13 लाख रुपये प्रति किलो बिक रही है। खबर लिखे जाने तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरोपीय शेयर बाजार में DAX और CAC बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। अमेरिकी शेयर बाजार का S&P 500 बढ़त के साथ हरे निशान पर था।