स्पेस-X IPO: सैकड़ों अरब रुपये जुटाने के लिए कंपनी अब यहां निवेशक से कर रही बातचीत
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X अपने संभावित IPO को लेकर बड़ी तैयारी कर रही है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) के साथ बातचीत कर रही है। इस डील के तहत PIF करीब 5 अरब डॉलर (लगभग 470 अरब रुपये) का एंकर निवेश कर सकता है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और बातचीत शुरुआती चरण में बताई जा रही है।
कोशिश
IPO से पहले बड़े निवेशकों को जोड़ने की कोशिश
रिपोर्ट के अनुसार, स्पेस-X अपने IPO से पहले बड़े एंकर निवेशकों को जोड़ने में जुटी हुई है। कंपनी का लक्ष्य करीब 75 अरब डॉलर (लगभग 7,000 अरब रुपये) जुटाने का है, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े IPO में शामिल कर सकता है। यह रकम 2019 के सऊदी अरामको और 2014 के अलीबाबा जैसे बड़े IPO रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है, जिससे बाजार में इसकी चर्चा और बढ़ गई है।
रणनीति
PIF की हिस्सेदारी बनाए रखने की रणनीति
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के इस निवेश का एक मकसद PIF की स्पेस-X में मौजूदा हिस्सेदारी को बनाए रखना भी है। फिलहाल PIF की कंपनी में करीब 1 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो नए निवेश के बाद कम होने से बच सकती है। एंकर निवेशक आमतौर पर IPO से पहले तय हिस्सेदारी खरीदते हैं, जिससे बाकी निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और कंपनी के शेयरों की मांग मजबूत बनी रहती है।
लॉन्च
जल्द आ सकता है मार्केट में बड़ा लॉन्च
स्पेस-X ने हाल ही में अमेरिकी बाजार नियामक के पास गोपनीय IPO दस्तावेज जमा किए हैं और कंपनी इस साल के अंत तक बाजार में उतरने की योजना बना रही है। हालांकि, कंपनी और PIF दोनों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह IPO सफल रहता है, तो यह वैश्विक निवेश बाजार के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है।