Loading...
SBI के कथित डाटा लीक में ग्राहकों की कौन-कौन सी जानकारी हुई उजागर?
कथित तौर पर SBI डाटा लीक होने का मामला सामने आया है

SBI के कथित डाटा लीक में ग्राहकों की कौन-कौन सी जानकारी हुई उजागर?

Oct 20, 2026
06:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों की गोपनीय जानकारी कथित तौर पर लीक होने का मामला सामने आया है। 'सिरियुसिम' नाम के एक हैकर समूह ने दावा किया है कि उसके पास बैंक से जुड़े ग्राहकों के दस्तावेज और रिकॉर्ड मौजूद हैं। साइबर सुरक्षा पर नजर रखने वाले अकाउंट साइबरपल्स56 ने 16 अक्टूबर को इस दावे की जानकारी दी थी। हालांकि, अभी तक डाटा लीक होने की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

उजागर

ग्राहकों की कौन-कौन सी जानकारी हुई उजागर?

साइबरपल्स56 के मुताबिक, हैकर समूह के पास कथित तौर पर 3.75 लाख रिकॉर्ड और 2,722 PDF दस्तावेज हैं।

इनमें ग्राहकों की निजी जानकारी, घर के पते, कर्ज के आवेदन, बैंक खाते खोलने से जुड़े कागजात और आवेदन के साथ जमा किए गए दूसरे दस्तावेज शामिल बताए गए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इनमें कितने ग्राहकों की जानकारी मौजूद है।

यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि ये दस्तावेज सीधे SBI के सिस्टम से हासिल किए गए हैं।

आशंका

डाटा असली हुआ तो ग्राहकों को क्या नुकसान हो सकता है?

साइबर सुरक्षा अकाउंट ने चेतावनी दी है कि यदि कथित डाटा असली है, तो उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।

अपराधी ग्राहकों की पहचान चुराने, आर्थिक धोखाधड़ी करने, फर्जी कर्ज आवेदन देने या निजी जानकारी के आधार पर ठगी की कोशिश कर सकते हैं।

खबर लिखे जाने तक SBI ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिस वजह से डाटा लीक की इस घटना की असलियत और नुकसान का दायरा साफ नहीं है।

ADVERTISEMENT

चिंता

बैंकिंग डाटा की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब देश के कई वित्तीय संस्थानों पर साइबर हमलों की खबरें आई हैं।

भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल ने अक्टूबर में वित्तीय संस्थानों को चोरी हुए लॉगिन विवरण और बिना अनुमति पैसे भेजने से जुड़े हमलों को लेकर चेतावनी दी थी।

हालांकि, इन घटनाओं और SBI से जुड़े कथित डाटा लीक के बीच कोई संबंध सामने नहीं आया है। बैंक ग्राहकों को पासवर्ड, पिन और OTP साझा नहीं करने की सलाह देता है।

ADVERTISEMENT