ज्यादा कमाने के बाद भी नहीं बढ़ रही बचत? इन गलतियों से रहें दूर
क्या है खबर?
पैसा बनाने के लिए सिर्फ ज्यादा कमाना या बेहतर निवेश ढूंढना ही काफी नहीं है। आपकी कमाई का कितना हिस्सा बचता है और उसे किस तरह इस्तेमाल किया जाता है, यह भी बहुत मायने रखता है। कई बार लोग नियमित बचत करने के बावजूद कुछ ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जो उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने से रोकती हैं। खर्च बढ़ाना, निवेश टालना, महंगा कर्ज लेना और बिना योजना पैसा रखना ऐसी आदतें हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है।
#1
ज्यादा खर्च और निवेश टालना बड़ी गलतियां
कमाई बढ़ने के साथ खर्च लगातार बढ़ाते जाना एक बड़ी गलती है।
अगर पूरी सैलरी खर्च हो जाए तो निवेश के लिए पैसा नहीं बचेगा। दूसरी गलती निवेश शुरू करने के लिए सही समय का इंतजार करना है। तीसरी गलती महंगा कर्ज बनाए रखना है, क्योंकि ज्यादा ब्याज बचत को कम कर सकता है।
इसके अलावा, इमरजेंसी फंड नहीं रखना भी परेशानी बढ़ा सकता है। अचानक बीमारी, नौकरी जाने या किसी जरूरी खर्च में यह पैसा काफी मदद करता है।
#2
बिना लक्ष्य निवेश करना भी पड़ सकता है भारी
सारा पैसा सेविंग्स अकाउंट में रखना भी लंबे समय के लिए सही रणनीति नहीं हो सकती।
जरूरत के पैसे अलग रखने के बाद बाकी रकम को लक्ष्य के हिसाब से निवेश करना जरूरी है। बिना उद्देश्य निवेश करना भी नुकसानदेह हो सकता है। घर, बच्चों की पढ़ाई और रिटायरमेंट जैसे लक्ष्यों की समयसीमा अलग होती है।
हाल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले निवेश के पीछे भागना और एक ही जगह ज्यादा पैसा लगाना भी जोखिम बढ़ा सकता है।
#3
जीवनशैली और रिटायरमेंट को लेकर न करें गलती
हर वेतन बढ़ोतरी के साथ जीवनशैली महंगी करना भी पैसा बनाने में रुकावट डाल सकता है।
बढ़ी कमाई का कुछ हिस्सा निवेश में बढ़ाना बेहतर है। रिटायरमेंट को बहुत दूर समझकर टालना भी बड़ी गलती है, क्योंकि बाद में निवेश के लिए कम समय बचता है।
अपनी वित्तीय योजना की समीक्षा न करना नुकसान पहुंचा सकता है। समय के साथ आय, कर्ज, खर्च और लक्ष्य बदलते हैं, इसलिए निवेश, बीमा, बचत और कर्ज की स्थिति समय-समय पर जांचते रहना चाहिए।