
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के सह-CEO हान जोंग-ही का 63 वर्ष की उम्र में निधन
क्या है खबर?
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के सह-CEO हान जोंग-ही का 63 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है।
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई। हान सैमसंग के उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल डिवाइस डिवीजन की कमान संभाल रहे थे।
2021 में उन्हें सह-CEO और उपाध्यक्ष बनाया गया था। उनके नेतृत्व में कंपनी ने टीवी और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में कई सफलताएं हासिल कीं। सैमसंग ने अब तक उनके उत्तराधिकारी की घोषणा नहीं की है।
परिचय
शिक्षा और करियर सफर
हान ने इन्हा विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी।
1988 में उन्होंने सैमसंग जॉइन किया और विभिन्न तकनीकी विभागों में काम किया। 2011 से 2013 तक वह विजुअल डिस्प्ले व्यवसाय में अनुसंधान एवं विकास टीम के प्रमुख रहे।
2017 में उन्हें इस डिवीजन की जिम्मेदारी दी गई। 2021 में उपाध्यक्ष और CEO बनने के बाद उन्होंने सैमसंग के टीवी और डिस्प्ले कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
संपत्ति
अन्य जानकारी और संपत्ति
रिपोर्ट्स के अनुसार, हान का वार्षिक वेतन 41 करोड़ रुपये था। हालांकि, उनकी संपत्ति से जुड़े आंकड़ों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उद्योग जगत में उन्हें तकनीकी नवाचार और मार्केटिंग रणनीतियों के लिए जाना जाता था।
उनके परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे हैं। हान के निधन के बाद सैमसंग में उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।