
सचिन बंसल की नवी टेक्नोलॉजीज ने जुटाया 170 करोड़ रुपये का निवेश
क्या है खबर?
भारतीय उद्यमी सचिन बंसल की फिनटेक यूनिकॉर्न नवी टेक्नोलॉजीज ने 2 करोड़ डॉलर (लगभग 170 करोड़ रुपये) का निवेश हासिल किया है। यह निवेश डेट फंडिंग राउंड में जुटाया गया है, जिसका नेतृत्व फिलिपकैपिटल ने किया। इस फंडिंग में NDX फिनसर्व, आर्पी ग्रुप, एंबिट फिनवेस्ट और ग्रे ग्रास इंडिया ने भी पैसे लगाए हैं। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी ने 10 लाख रुपये प्रति डिबेंचर की दर से 1,700 डिबेंचर जारी किए हैं।
इस्तेमाल
फंड का इस्तेमाल कहां होगा?
इस निवेश से प्राप्त राशि का उपयोग नवी फिनसर्व के ऋण कारोबार को बढ़ाने और इसके उत्पादों को बेहतर बनाने में किया जाएगा। नवी टेक्नोलॉजीज की योजना है कि वह व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण और अन्य वित्तीय सेवाओं को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाए। कंपनी के पास भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से रजिस्टर्ड NBFC लाइसेंस है और यह पूरे भारत में तेजी से अपने उत्पादों का विस्तार कर रही है, खासकर टेक्नोलॉजी आधारित सेवाओं में।
सेवाएं
कंपनी की सेवाएं और विस्तार
नवी टेक्नोलॉजीज, नवी फिनसर्व के जरिए ग्राहकों को व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण, बीमा और म्यूचुअल फंड जैसी सेवाएं देती है। कंपनी UPI के जरिए डिजिटल पेमेंट सुविधा भी प्रदान करती है। 2024 में कंपनी का राजस्व 37 प्रतिशत बढ़कर 2,290 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछली बार 1,667 करोड़ था। इसी अवधि में कंपनी का लाभ भी 17 गुना बढ़कर 358.5 करोड़ रुपये पहुंचा, जो इसके तेजी से विस्तार को दिखाता है।
प्रदर्शन
नेतृत्व और UPI पर प्रदर्शन
इस साल कंपनी ने नेतृत्व में भी बदलाव किया है। राजीव नरेश को नवी टेक्नोलॉजीज का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और अभिषेक द्विवेदी को नवी फिनसर्व का CEO बनाया गया। बंसल अब नवी समूह के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। जून, 2025 तक, नवी UPI पर भी तेजी से बढ़ रही है। इसके 40.6 करोड़ लेनदेन कुल 21,815 करोड़ रुपये के थे, जिससे यह शीर्ष UPI ऐप्स में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।