सचिन बंसल की नावी जुटाने वाली है 390 करोड़ रुपये का नया निवेश
क्या है खबर?
फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक सचिन बंसल की फिनटेक कंपनी नावी नए दौर की निवेश जुटाने के करीब है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एलिवेशन से करीब 4 करोड़ डॉलर (लगभग 390 करोड़ रुपये) जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। इस सौदे में नवी का मूल्यांकन करीब 1.4 से 1.5 अरब डॉलर माना जा रहा है। यह निवेश अगस्त में मिले 10 करोड़ डॉलर (लगभग 970 करोड़ रुपये) के निवेश से अलग होगी और नए दौर के तहत की जाएगी।
निवेशक
एलिवेशन के साथ प्रोसस भी निवेशक
इस नए दौर में एलिवेशन की लेट-स्टेज निवेश इकाई के जरिए पैसा आने की संभावना है। इससे पहले अगस्त में प्रोसस ने नावी में 10 करोड़ डॉलर लगाए थे।
कंपनी ने इससे पहले लंबे समय तक बाहरी संस्थागत निवेश नहीं लिया था। एलिवेशन ने 2025 में बड़ी और पहले से स्थापित कंपनियों में निवेश के लिए 40 करोड़ डॉलर का अलग फंड बनाया था।
नावी और एलिवेशन ने इस बातचीत पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
IPO
IPO की तैयारी भी चल रही
नई फंडिंग की बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब नावी अपने IPO की तैयारी में लगी है।
कंपनी सार्वजनिक पेशकश के जरिए करीब 30 करोड़ डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए JM फाइनेंशियल, एक्सिस बैंक, गोल्डमैन सैक्स और JP मॉर्गन को निवेश बैंकिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
बाजार में कंपनी का मूल्यांकन करीब 2 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है। नई पूंजी का इस्तेमाल कारोबार बढ़ाने में किया जा सकता है।
कारोबार
कारोबार में भी दिखी अच्छी बढ़त
नावी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में उसका UPI ऐप देश में चौथे स्थान पर रहा।
इसी अवधि में नावी फिनसर्व का प्रबंधन के तहत संपत्ति का आंकड़ा 13,000 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में समेकित मुनाफा भी दर्ज किया।
इस बीच, भारत के फिनटेक क्षेत्र में निवेश फिर बढ़ता दिख रहा है। हालांकि, निवेशक अब चुनिंदा कंपनियों पर ही बड़ा दांव लगा रहे हैं।